बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। NDA और महागठबंधन के नेता चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी बीच, JDU ने अपने कुछ नेताओं को निष्कासित कर दिया है। JDU ने अपने 4 पूर्व विधायकों सहित 11 नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में बाहर किया है।
निष्कासित नेताओं में पूर्व मंत्री शैलेश कुमार, पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद, पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह, पूर्व विधान पार्षद रणविजय सिंह, पूर्व विधायक सुदर्शन कुमार, अमर कुमार सिंह, महुआ से जदयू की प्रत्याशी आस्मां परवीन, लव कुमार, आशा सुमन, दिव्यांशु भारद्वाज और विवेक शुक्ला शामिल हैं। JDU ने यह कदम चुनावों के नजदीक उठाया है। JDU का कहना है कि ये नेता लगातार पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे और संगठन की विचारधारा के खिलाफ काम कर रहे थे।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि “इन सभी नेताओं का आचरण पार्टी की नीतियों और अनुशासन के खिलाफ पाया गया है। चुनाव के समय पार्टी लाइन से अलग जाकर बयानबाज़ी और गतिविधियां करना अस्वीकार्य है।” बिहार में पहले चरण के लिए वोटिंग 6 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को होगी। चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। सभी पार्टियां चुनावों के लिए प्रचार में जुटी हैं। बिहार में मुख्य मुकाबला NDA और महागठबंधन के बीच है, जबकि जनसुराज भी चुनावी मैदान में है।


