कटनी के कैमोर में BJP नेता (पिछड़ा वर्ग मंडल अध्यक्ष) नीलेश रजक की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सख्ती के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए भर्ती किया गया है। प्रारंभिक जांच के बाद टीआई कैमोर अरविंद चौबे और पुलिस आरक्षक प्रेमशंकर पटेल को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देश पर कटनी जिले के कैमोर में हुई घटना पर पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री ने घटना को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कटनी जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को तत्परता से कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने बुधवार की सुबह दोनों आरोपियों को कजरवारा गांव से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को BJP नेता की गोली मारकर हत्या की गई थी।
डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर कटनी आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा पूरे समय विजयराघवगढ़ में मौजूद रहकर कानून व्यवस्था पर नजर रखी और शांति व्यवस्था कायम की। बता दें कि मंगलवार को दो पक्षों के विवाद में कैमोर निवासी भाजपा नेता नीलेश रजक की हत्या की गई थी। पुलिस ने मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। टीआई एवं आरक्षक को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच किया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की खोजबीन शुरू की थी।
इसी दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों अकरम और प्रिंस जोसेफ के कजरवारा में होने की जानकारी मिली थी। जब पुलिस गिरफ्तार करने गई तो आरोपियों ने पुलिस पर फायर किया, जिसके जवाब में पुलिस ने फायरिंग की जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जबलपुर रवाना किया गया। प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने मृतक नीलेश रजक के परिवार से मुलाकात की और शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सख्त निर्देश हैं कि मध्यप्रदेश में किसी भी आपराधिक गतिविधि को सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। अनैतिक गतिविधियों में शामिल लोगों को दंडित किया जाएगा।
पुलिस अपना कार्य कर रही है, गुनहगारों का जीवन सलाखों के पीछे बीतेगा। विजयराघवगढ़ व कैमोर में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने भी असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शे जाने की बात कही थी। शर्मा ने मुख्यमंत्री से फोन पर चर्चा की और स्थिति की जानकारी दी थी। इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित कर लिया है। इनमें से एक आरोपी प्रिंस जोसफ के पिता ने अपने घर में फांसी लगा ली थी।


