नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार से अनुरोध किया है। केजरीवाल ने राहत शिविर का फीडबैक लेने के बाद बताया कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं और कई क्षेत्रों में पानी भर गया है। उन्होंने कहा कि यमुना के किनारे रहने वाले लोग अपने घरों को छोड़कर राहत शिविरों में आए हैं, जहां उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्हें समय पर खाना नहीं मिल रहा है और पीने के पानी की कमी है। सरकार से निवेदन है कि राहत शिविरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि नालों की सफाई समय पर नहीं होने के कारण कई क्षेत्रों में सीवर बैक कर रहा है और कई जगहों पर पीने का पानी नहीं आ रहा है। सरकार को लोगों के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।
केजरीवाल ने कहा कि इस समय पूरा उत्तर भारत बाढ़ से प्रभावित है और सरकार से आग्रह है कि जनता को राहत पहुंचाने के लिए जितना संभव हो सके प्रयास करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित सभी राज्यों में राहत पहुंचाने की आवश्यकता है।


