इस साल का अंतिम सूर्य ग्रहण 21 सितंबर को होगा

vikram singh Bhati

भोपाल। आश्विन मास की अमावस्या पर रविवार 21 सितंबर को इस साल का दूसरा और आखिरी सूर्यग्रहण होने जा रहा है, लेकिन यह ग्रहण पृथ्वी के सीमित जनसंख्या वाले स्थानों से ही देखा जा सकेगा। यह ग्रहण भारतीय समयानुसार रविवार देर रात 10 बजकर 59 मिनट 43 सेकंड से आरंभ होगा और मध्यरात्रि के बाद 3 बजकर 23 मिनट 45 सेकंड पर समाप्त होगा। इस समय भारत में रात होगी, इसलिए यह सूर्यग्रहण भारत में नहीं देखा जा सकेगा।

नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने शनिवार को उक्त खगोलीय घटना की मैप की मदद से जानकारी देते हुए बताया कि इस ग्रहण को न्यूजीलैंड के साथ ऑस्ट्रेलिया के ईस्टर्न कोस्ट की एक पतली स्ट्रिप तथा अंटार्कटिका के भागों में देखा जा सकेगा। एक गणितीय अनुमान के अनुसार इस ग्रहण को विश्व की कुल जनसंख्या का लगभग 0.2 प्रतिशत भाग ही देख सकेगा। उन्होंने बताया कि जहां तक ग्रहण के असर की बात है, तो हर साल चार ग्रहण होते ही हैं, जिनमें कम से कम दो चंद्रग्रहण और और दो सूर्यग्रहण होते हैं।

इनमें से कुछ आपके शहर में दिखाई भी देते हैं तो कुछ पृथ्वी के अन्य भागों पर होते हैं। इस तरह अगर किसी व्यक्ति की आयु 75 वर्ष है तो वह कम से कम 300 ग्रहण की भौगोलिक स्थिति का अनुभव कर चुका होता है। अगर 300 ग्रहण के बाद भी कोई विपरीत असर न आया हो तो नई युवा पीढ़ी को ग्रहण से भयभीत करना ठीक नहीं माना जा सकता है।

Share This Article
Vikram Singh Bhati is author of Niharika Times web portal