बाड़मेर में पूर्व विधायक मेवाराम जैन के कथित अश्लील वीडियो से जुड़े पोस्टर परिषद के कर्मचारियों ने हटा दिए हैं। हाल ही में कांग्रेस में लौटे जैन के समर्थक शक्ति प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं और जगह-जगह स्वागत होर्डिंग्स लगा रहे हैं। वहीं, शहर में उनके कथित अश्लील वीडियो से संबंधित कई पोस्टर और बैनर लगाए गए थे, जिनमें लिखा था, “बाड़मेर हुआ शर्मसार, महिलाओं का अपमान नहीं सहेगी बाड़मेर की कांग्रेस, बलात्कारी हमें स्वीकार नहीं।” इन पोस्टरों के नीचे “जिला कांग्रेस कमेटी बाड़मेर-जैसलमेर-बालोतरा” का नाम था।
नगर परिषद के कर्मचारियों को सुबह घटना की जानकारी मिली और उन्होंने तुरंत सभी पोस्टरों को हटा दिया। एक कर्मचारी ने बताया कि ये पोस्टर बिना अनुमति के लगाए गए थे। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि इन्हें किसने और कब लगाया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गफूर अहमद ने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है और संगठन इस संबंध में जानकारी जुटा रहा है। पूर्व विधायक जैन ने इस घटनाक्रम पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि जब कोर्ट ने उन्हें क्लीन चिट दे दी है, तब भी विरोधियों ने नीचता की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ फर्जी वीडियो बनवाए गए हैं और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उल्लेखनीय है कि मेवाराम जैन को 7 जनवरी 2024 को कांग्रेस से निष्कासित किया गया था और वे लगभग 20 महीने तक पार्टी से बाहर रहे। अनुशासन समिति ने 22 सितंबर 2025 को उनकी वापसी का फैसला किया। 24 सितंबर को कई नेता दिल्ली पहुंचे और औपचारिक रूप से जैन की कांग्रेस में वापसी हो गई। अब वे बाड़मेर पहुंच रहे हैं, जहां उनके समर्थक भव्य स्वागत की तैयारी कर रहे हैं।


