मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ी, चार दिन शीतलहर का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण हवा का रूख उत्तरी हो गया है, जिससे मध्य प्रदेश में तापमान तेजी से गिर रहा है और ठंड का प्रभाव बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिन के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है। आज 23 जिलों में कोल्डवेव के लिए अलर्ट जारी किया गया है। देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बढ़ती ठंड को देखते हुए स्कूलों का समय बदल दिया है। अब नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के स्कूल सुबह 10 बजे से पहले नहीं खुलेंगे।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के लगभग सभी संभागों में मौसम शुष्क रहा, लेकिन भोपाल, इंदौर, शहडोल, जबलपुर में तीव्र शीतलहर का प्रभाव रहा। राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, रीवा, मलाजखंड में भी शीतलहर का असर देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार, आमतौर पर नवंबर के मध्य में ठंड की शुरुआत होती है, लेकिन इस बार पहले सप्ताह से ही रात का तापमान सामान्य से काफी कम हो गया है।

पिछले 50 वर्षों के नवंबर के आंकड़ों के अनुसार, रात का तापमान छह या सात-आठ डिग्री सेल्सियस माह के अंत में होता है, लेकिन इस बार यह स्थिति पहले ही सप्ताह में बन गई है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य पाकिस्तान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है, जिसके कारण चार दिन शीतलहर का असर रहेगा। आज बुधवार को भोपाल, राजगढ़, इंदौर, सतना, शहडोल और जबलपुर में तेज शीतलहर का असर रहेगा। सीहोर, देवास, शाजापुर, रीवा, मऊगंज, उमरिया, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, छतरपुर और मैहर में सामान्य शीतलहर का अनुमान है।

मंगलवार को पिछले 24 घंटे में 30 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। सोमवार-मंगलवार की रात जबलपुर में सीजन की सबसे सर्द रात रही, जहां पारा 9.7 डिग्री रहा। भोपाल में 8.3, इंदौर में 8.4, ग्वालियर में 11 और उज्जैन में 11.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजगढ़ सबसे ठंडा शहर रहा, जहां पारा 8 डिग्री तक गिर गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात में तापमान 13.8 डिग्री और दिन में 23.6 डिग्री दर्ज किया गया। बैतूल, धार, रायसेन, सीधी और मलाजखंड में भी दिन का तापमान 27 डिग्री से कम रहा।

Share This Article
Vikram Singh Bhati is author of Niharika Times web portal
Exit mobile version