जयपुर। शहर सांसद मंजू शर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि जयपुर में 15 अक्टूबर से सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया हिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ थीम को सार्थक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को फिटनेस, खेल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। सांसद शर्मा ने कहा कि खेल महोत्सव में पुरुषों और महिलाओं के साथ-साथ दिव्यांग खिलाड़ी भी भाग लेंगे।
पारंपरिक खेलों में कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, रस्साकशी, सितोलिया, मटका दौड़, नींबू दौड़ और मलखम्भ शामिल होंगे, वहीं आधुनिक खेलों में क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, तीरंदाजी, वुशु, हॉकी, बैडमिंटन, शतरंज और वेटलिफ्टिंग जैसी प्रतिस्पर्धाएं होंगी। महिलाओं के लिए विशेष प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा और सांसद व विधायक दिव्यांग खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए उनसे संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताएं तीन स्तरों—मंडल, विधानसभा और लोकसभा स्तर पर—आयोजित होंगी। जयपुर में विद्याधर नगर स्टेडियम, केएल सैनी स्टेडियम, चौगान स्टेडियम और एसएमएस स्टेडियम खेल आयोजन के केंद्र रहेंगे।
चयनित खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, नकद पुरस्कार और खेल सामग्री प्रदान की जाएगी, साथ ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी का अवसर भी मिलेगा। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किए जा सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी sansadkhelmahotsav.in पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। सांसद शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि वे इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करें। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेलों को बढ़ावा ही नहीं देगा, बल्कि राष्ट्र के स्वस्थ और ऊर्जावान भविष्य की नींव भी रखेगा。