कोटा दक्षिण निगम में नई लिफ्ट चालू, बुजुर्गों को मिली राहत

Tina Chouhan

कोटा। दशहरे के अवसर पर नगर निगम कोटा दक्षिण में आने वाले लोगों को अब सीढ़ियों से तीसरी मंजिल पर नहीं जाना पड़ेगा। वे अब लिफ्ट से ऊपर की तरफ जा भी सकते हैं और वापस नीचे आ भी सकते हैं। ऐसा संभव हुआ है नगर निगम कोटा दक्षिण कार्यालय में लगी नई लिफ्ट के चालू होने से। नगर निगम कार्यालय को व्यवस्था की दृष्टि से उत्तर व दक्षिण में विभाजित किया हुआ है। हालांकि यह व्यवस्था 5 साल पहले हुई थी। जबकि कार्यालय बनने के दौरान निगम बिल्डिंग में दो तरफ लिफ्ट लगाई गई थी।

निगम के ए ब्लॉक वाले कोटा दक्षिण निगम के हिस्से की लिफ्ट काफी पुरानी व जर्जर होने से लम्बे समय से बंद पड़ी हुई थी। पहले तो उसे मरम्मत के नाम पर बंद किया गया था। लेकिन उसकी हालत अधिक खराब होने पर किसी तरह का हादसा न हो उसे देखते हुए इसे स्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। वहीं पुरानी की जगह पर नई लिफ्ट लगाने की टेंडर प्रक्रिया की गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद करीब 28 लाख की लागत से ए ब्लॉक में दो नई लिफ्ट लगा तो दी थी।

लेकिन उसे फिर भी चालू नहीं किया गया था। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नवज्योति ने किया था मामला प्रकाशित। निगम बिल्डिंग के ए ब्लॉक की लिफ्ट के बंद होने से आमजन को होने वाली परेशानी का मामला दैनिक नव’योति ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। समाचार पत्र में 22 सितम्बर के अंक में पेज 11 पर‘ एक लिफ्ट के भरोसे निगम कार्यालय’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया गया था। उस समय निगम अधिकारियों ने लिफ्ट को शीघ्र ही चालू करने की जानकारी दी थी।

समाचार प्रकाशित होने के बाद निगम अधिकारियों ने इसे प्रमुखता से लेते हुए लिफ्ट का ट्रायल पूरा कर उसे चालू कर दिया है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि ए ब्लॉक में 27.87 लाख की लागत से नई लिफ्ट लगाई गई है। लिफ्ट लगने के बाद उसका ट्रायल किया जा रहा था। ट्रायल पूरा होने के बाद उसे आमजन के लिए चालू कर दिया है। जिससे अब लोग आसानी से आ जा सकते है। हालांकि अभी भी लिफ्ट का एक हिस्सा ही चालू है दूसरे हिस्से को भी जल्दी ही चालू कर दिया जाएगा।

Share This Article