राजस्थान लोक सेवा आयोग में तीन नए सदस्यों की नियुक्ति

Tina Chouhan

जयपुर। राजस्थान सरकार ने मंगलवार को राजस्थान लोकसेवा आयोग यानी आरपीएससी में तीन सदस्याें की नियुक्ति कर दी है जिसके आदेश कार्मिक विभाग जल्द जारी करेगा। डॉ.अशोक कुमार कलवार, डॉ.सुशील कुमार बिस्सु और डीजी रैंक से रिटायर हुए आईपीएस हेमंत प्रियदर्शी को सदस्य बनाया गया है। आरपीएससी में वर्तमान में कुल 10 सदस्यों के पद हैं। इनमें से 6 पद खाली पड़े थे। अब तीन पदों पर नियुक्ति होने के बाद 3 पद खाली रह जाएंगे। संभवत: सरकार इन्हें भी जल्द भरेगी। प्रदेश में भजनलाल सरकार बनने के बाद से नौकरियों की ढेरों भर्तियां निकाल रही है।

सरकार चाहती है कि भर्तियों में देरी ना हो, इसलिए भर्तियों के कलैन्डर भी जारी हुए हैं लेकिन पद खाली होने से भर्तियों की रफ्तार धीमी होने की आशंका थी। ऐसे में तीन पदों पर नियुक्तियां कर दी गई हैं। तीन नए सदस्यों की प्रोफाइल: हेमंत प्रियदर्शी डीजी रैंक के 1992 बैच के रिटायर आईपीएस अधिकारी हैं। एमटेक मेकेनिकल इंजीनियरिंग, डिफेंस एन स्ट्रैटेजिक स्टडीज में एमफिल हैं। डीजी साइबर क्राइम, एससीआरबी, डीजी फॉरेंसिक एंड लैबोरेट्ररी के निदेशक सहित पुलिस में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। डॉ.अशोक कलवार मूलत: जोधपुर के रहने वाले हैं।

संघनिष्ठ और जाने माने डॉक्टर हैं। मेडिकल एंड हीमेटो ऑन्कोलॉजी में सीनियर कंसल्टेंट एवं कैंसर स्पेशलिस्ट डॉक्टर हैं। देश के कई बड़े अस्पतालों में सेवाएं दी हैं। 30 से ज़्यादा इंटरनेशनल रिसर्च पेपर, 70 से ज़्यादा देश में रिसर्च पेपर पब्लिश हो चुके हैं। डॉ. सुशील बिस्सू मूलत: अजमेर के रहने वाले हैं। संघनिष्ठ हैं। एमएससी, पीचडी इन मैथमैटिक्स हैं। शैक्षिक संघ के राष्ट्रीय पदाधिकारी हैं। करीबन 33 साल का शिक्षण का अनुभव है। 35 रिसर्च पेपर पब्लिश हुए हैं। कई विश्वविद्यालयों की एकेडमिक कमेटी एवं बोर्ड में मेंबर रह चुके हैं।

Share This Article