राहुल गांधी की यात्रा की तर्ज पर NSUI की छात्र जोड़ो यात्रा

Tina Chouhan

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तरह अब NSUI मध्य प्रदेश में एक यात्रा निकालने जा रही है, जिसका नाम छात्र जोड़ो यात्रा रखा गया है। पार्टी पदाधिकारियों ने आज इंदौर में यात्रा का पोस्टर रिलीज किया। एनएसयूआई के प्रदेश प्रभारी के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक छात्रों को संगठन से जोड़ना है। कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन अब राहुल गांधी की राह पर चल निकला है।

एनएसयूआई ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर छात्र जोड़ो यात्रा निकालने का निर्णय लिया है, जिसे पूरे मध्य प्रदेश में आयोजित किया जाएगा। इसकी शुरुआत इंदौर से होगी। 31 अक्टूबर से 19 नवम्बर तक चलने वाली छात्र जोड़ो यात्रा के बारे में एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने आज इंदौर में मीडिया से विस्तार से जानकारी दी। प्रदेश प्रभारी रवि दांगी ने बताया कि छात्र जोड़ो यात्रा की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि 31 अक्टूबर को होगी और इसका समापन उनकी जयंती 19 नवम्बर को होगा। छात्रों को एनएसयूआई से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।

रवि दांगी ने कहा कि यात्रा की शुरुआत इंदौर से की जाएगी और यात्रा के दौरान विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। यात्रा के दौरान 9 विधानसभाओं में प्रमुख 6 विश्वविद्यालयों के लगभग 80 कॉलेजों और अनेक छात्रावासों में जाकर छात्रों को एनएसयूआई से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा। इंदौर में एनएसयूआई पदाधिकारियों ने यात्रा के पोस्टर का विमोचन इंदौर प्रेस क्लब में शनिवार को किया। एनएसयूआई प्रदेश प्रभारी रवि दांगी, प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, जिला अध्यक्ष रजत सिंह पटेल, प्रिंस हार्डिया, विक्रम सिंह सचान और राजवीर लाखा सहित कई पदाधिकारियों ने इस यात्रा की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि छात्र जोड़ो यात्रा, छात्रों की आवाज को सशक्त करने और उन्हें देश के भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने की दिशा में एक बड़ा कदम है। वहीं एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष ने छात्र संगठन चुनाव की मांग भी पत्र कार्यकर्ता में उठाई है।

Share This Article