बालिकाओं के विकास में बाधाएं: हॉस्टल परिसर की स्थिति

Tina Chouhan

कोटा। शहर में एकमात्र गर्ल्स फुटबॉल एकेडमी के लिए ना तो अलग से ग्राउण्ड है और ना ही हॉस्टल परिसर साफ-सफाई की व्यवस्था है। हॉस्टल परिसर की अनदेखी के चलते खेल और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए बनाई गई इस सुविधा का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। जानकारी के अनुसार हॉस्टल के मुख्य प्रवेश गेट के पास बड़ी-बड़ी घास और फैला कचरा पर्यावरण और सुरक्षा के लिहाज से खतरा बना हुआ है। वहीं हॉस्टल के दाएं और बाएं ओर विशाल खाली परिसर में उगी मोटी घास में जहरीले जीवों का भी खतरा बना हुआ है।

छात्राओं ने बताया कि बड़े परिसर होने के बावजूद यहां सफाई नहीं की जाती, और इसे एक गार्डन या व्यायाम स्थल के रूप में विकसित नहीं किया गया है। इसी कारण उन्हें योगा या अन्य गतिविधियों के लिए स्टेडियम तक जाना पड़ता है। छात्राओं का मानना है कि यदि परिसर की सफाई और सजावट पर ध्यान दिया जाए, तो इसे रहने योग्य बनाने के साथ-साथ बहुपयोगी क्षेत्र के रूप में गार्डन, योगा, खेल या अन्य गतिविधियों के लिए भी विकसित किया जा सकता है। हॉस्टल परिसर की सफाई जरूरी। हॉस्टल परिसर को तुरंत साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाया जाना चाहिए।

घास और कचरे की सफाई के साथ-साथ परिसर में उचित रोशनी और सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था की जानी चाहिए। इसके अलावा, परिसर में खेल और शारीरिक गतिविधियों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो तो प्रैक्टिस करने में आसानी रहेगी।- अन्नू, छात्रा। सड़क की खराब हालत भी बनी परेशानी। हॉस्टल तक जाने वाली सड़क भी काफी समय से क्षतिग्रस्त है। पक्की सड़क न होने के कारण बालिकाओं और स्टाफ के लिए आने-जाने में परेशानी हो रही है। बरसात के मौसम में तो यह और भी खतरनाक साबित हो जाती है।- अंजली, छात्रा। सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण जरूरी।

बालिकाओं के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण बहुत महत्वपूर्ण है। खेल एकेडमी का उद्देश्य न केवल खेल प्रतिभाओं को विकसित करना है, बल्कि बच्चों को अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व की क्षमताओं से भी लैस करना है। जल्द हॉस्टल में विकास कार्य तथा परिसर को स्वच्छ किया जाएगा।- बीबी सेन, छात्रा। गल्स ऐकेडमी की सुविधाओं के लिए भेजा प्रस्ताव। गर्ल्स हॉस्टल की ऊपरी मंजिल बनाने की योजना, बालिकाओं के लिए अलग से फुटबॉल ग्राउंड उपलब्ध करवाने तथा हॉस्टल परिसर का समुचित विकास करवाने को लेकर एक प्रस्ताव भेजा गया है।

प्रस्ताव अगर मंजूर हो जाता है तो हॉस्टल की सुविधाओं में वृद्धि होगी और ज्यादा बालिकाओं के रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। साथ ही, एकेडमी की बालिकाओं के लिए आधुनिक फुटबॉल मैदान बनाने की भी योजना है। इससे बालिकाओं को प्रशिक्षण के दौरान उच्च स्तर का अनुभव मिलेगा और उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी।- वाईबी सिंह, खेल विकास अधिकारी, कोटा

Share This Article