राजगढ़ (अलवर)। टहला क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर एक महिला की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता हरसहाय मीना, जो बड़ला तहसील राजगढ़ के निवासी हैं, ने दामाद सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ बेटी के साथ मारपीट, दहेज उत्पीड़न और गर्भपात कराने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि प्रियंका का विवाह वर्ष 2023 में सर्वेश मीना, निवासी बिगोता, के साथ हुआ। विवाह में एक मोटरसाइकिल, एक लाख नकद, सोने-चांदी के जेवरात और घरेलू सामान दिया गया था।
इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग प्रियंका को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहे। कुछ महीने पहले ससुरालवालों ने उसे दहेज के लिए घर से निकाल दिया था। 24 अक्टूबर को समझाइश के बाद प्रियंका को वापस ससुराल भेजा गया, लेकिन अगले ही दिन 25 अक्टूबर को पति सर्वेश, सास नर्बदा, ससुर लहरीप्रसाद और ननद राहुल ने उसकी बुरी तरह पिटाई की। आरोप है कि गर्भवती प्रियंका के पेट में लात मारी गई, जिससे उसे ब्लीडिंग शुरू हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और प्रियंका को अस्पताल पहुंचाया।
अलवर के राजकीय महिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि गर्भ में पल रहा तीन से चार महीने का भ्रूण समाप्त हो गया है।


