सहरसा। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार की सरकार केन्द्र से संचालित हो रही है और उन्हें उचित सम्मान नहीं मिल रहा है। सहरसा जिले में महागठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले 20 वर्षों से एक ही सरकार है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नीतीश कुमार की सरकार केन्द्र के इशारे पर चलती है। बिहार में उनके हाथ में कुछ नहीं बचा है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि वर्तमान में बिहार में मुख्यमंत्री कुमार का सम्मान नहीं हो रहा है और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाएं असुरक्षित हैं और उन्हें अपने बच्चों और बेटियों की चिंता है। डर इस कदर है कि वे काम पर भी नहीं जा सकतीं। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि बिहार के लोग कश्मीर से कन्याकुमारी तक काम करने जाते हैं और त्योहारों पर ही अपने परिवारों से मिलते हैं। बिहार में रोजगार की कमी है, खेती से आमदनी नहीं है और सब कुछ महंगा हो गया है।
जब लोग दूसरे शहरों में नौकरी के लिए जाते हैं, तो उन्हें घबराहट होती है कि उनके परिवार का क्या होगा। प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि बिहार की स्थिति में सुधार लाना है, तो लोगों को खुद आगे आना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह एक महिला हैं और समझती हैं कि महिलाओं पर समाज का बोझ हमेशा रहता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सवाल किया कि उन्होंने आपके लिए क्या किया है। चुनाव के समय 10 हजार रुपए बांटने का क्या मतलब है?
उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लोगों की नीयत ठीक नहीं है। ये लोग आपको 10 हजार रुपए दे रहे हैं, लेकिन वोट देने से पहले अपने परिवार और अपनी स्थिति के बारे में सोचें। वोट उन्हें दें जो आपके हालात को सुधार सकते हैं।


