रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अहमदाबाद मण्डल का दौरा किया

Sabal SIngh Bhati
By Sabal SIngh Bhati - Editor

अहमदाबाद। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मण्डल का दौरा किया। महेसाणा में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात रीजनल समिट में भाग लिया। रेल मंत्री ने वाइब्रेंट गुजरात रीजनल समिट के दौरान अपने उद्बोधन में कहा कि रेलवे हमारे देश की लाइफ लाइन है। लॉजिस्टिक्स कॉस्ट को कम करने और ग्रीन लॉजिस्टिक्स का सबसे बड़ा माध्यम है। गुजरात में फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा हो गया है और उसका बहुत लाभ देश को मिल रहा है। जहां किसी कंटेनर ट्रेन को आने में 30-30 घंटे लगते थे, आज वहां 10-11 घंटे में कंटेनर ट्रेन पहुंच जाती है।

फ्रेट कॉरिडोर पर डेली करीब-करीब 400 गाड़ियां चल रही हैं तथा पिछले 11 वर्षो में गुजरात में 2764 किमी रेलवे ट्रैक बने हैं, जो डेनमार्क के कुल रेल नेटवर्क के बराबर ट्रैक गुजरात में 11 वर्षो में बने। गुजरात में रेलवे का इन्वेस्टमेंट 1 लाख 46 हजार करोड़ है। वाइब्रेंट गुजरात रीजनल समिट के दौरान गुजरात में मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कुल 12 हजार 877.35 करोड़ के दो महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारी समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।

पहला समझौता भारतीय रेल (पश्चिम रेलवे अहमदाबाद मण्डल) और उद्योग आयुक्तालय, गुजरात सरकार के बीच हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य में लॉजिस्टिक्स अवसंरचना और औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करना है। इस समझौते के तहत रेलवे और गैर-रेलवे भूमि पर गति शक्ति मल्टीकागार्े टर्मिनल, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और एकीकृत लॉजिस्टिक्स एवं औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। ये परियोजनाएं गुजरात इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक्स मास्टर प्लान और सिटी लॉजिस्टिक्स प्लान्स के अनुरूप होंगी।

इसके अलावा माल परिवहन से संबंधित डेटा का नियमित आदान-प्रदान गुजरात लॉजिस्टिक्स डैशबोर्ड के माध्यम से किया जाएगा, जिससे राज्य में लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक निर्णय और भी सटीक और प्रभावी बन सकेंगे। दूसरा समझौता भारतीय रेल और गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम के बीच हुआ। इसके तहत राज्य के प्रमुख 87 रेलवे स्टेशनों को मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इन हब्स में रेल और बस सेवाओं का एकीकृत संचालन होगा, जिससे यात्रियों को निर्बाध, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित होगी।

इन हब्स में आधुनिक सुविधाएं, लॉजिस्टिक्स समन्वय केंद्र और यात्री सेवाओं का समेकन होगा, जिससे राज्य में आवागमन और माल परिवहन दोनों में तेजी और दक्षता आएगी। अपने दौरे के दौरान वैष्णव ने वडनगर स्टेशन का भी निरीक्षण किया, जहां उन्होंने यात्री सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा इस स्टेशन के पुनर्विकास के बारे में चर्चा की।

रेल मंत्री ने साबरमती रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कायोंर् का निरीक्षण किया एवं स्टेशन के मॉडल का अवलोकन किया तथा साबरमती हाई स्पीड रेल स्टेशन एवं हाई स्पीड रेल डिपो का विस्तृत निरीक्षण किया और मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री के साथ विवेक कुमार गुप्ता, महाप्रबंधक, पश्चिम रेलवे वेद प्रकाश, मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद, प्रमुखाध्यक्ष पश्चिम रेलवे मुख्यालय एवं अहमदाबाद मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article