प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को राजस्थान के बांसवाड़ा पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य को 1.08 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का तोहफा दिया। ये परियोजनाएं राजस्थान के ऊर्जा, जल संसाधन, परिवहन, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को नई दिशा देंगी। प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और इसके समग्र विकास को गति देने के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि राजस्थान की धरती से आज बिजली क्षेत्र में भारत के सामर्थ्य का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है।
आज राजस्थान, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र में 90 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं। यह दिखाता है कि आज देश बिजली की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है, और इस रफ्तार में देश का हर हिस्सा शामिल है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनकी सरकार ने बिजली के महत्व पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि 2014 में जब उन्होंने दायित्व संभाला, तब भारत के 2.5 करोड़ घरों में बिजली का कनेक्शन नहीं था।
आजादी के 70 साल बाद भी देश के 18,000 गांवों में बिजली के खंभे तक नहीं लगे थे। कांग्रेस सरकार में राजस्थान पेपर लीक का केंद्र बन गया था, जल जीवन मिशन को भी कांग्रेस ने भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया था। महिलाओं पर अत्याचार चरम पर था, और बलात्कारियों को संरक्षण दिया जा रहा था। कांग्रेस सरकार में बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ जैसी जगहों पर अपराध और अवैध शराब का कारोबार खूब पनपा। जब आपने भाजपा को मौका दिया, तब हमने कानून व्यवस्था को मजबूत किया और विकास परियोजनाओं में तेजी लाई।
आज भाजपा सरकार राजस्थान को तेज विकास की राह पर आगे बढ़ा रही है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय हालात कितने खराब थे, क्योंकि कांग्रेस सरकार देशवासियों का शोषण कर रही थी।