शिल्पग्राम उत्सव 2023: उत्तर पूर्व के लोक नृत्यों ने मंच पर साकार किए श्रीकृष्ण

Kheem Singh Bhati
6 Min Read
शिल्पग्राम उत्सव 2023: उत्तर पूर्व के लोक नृत्यों ने मंच पर साकार किए श्रीकृष्ण

उदयपुर। शिल्पग्राम उत्सव 2023: पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर की ओर से आयोजित ‘शिल्पग्राम उत्सव’ में सोमवार को पांचवें दिन जहां देश के उत्तर पूर्व के राज्यो की सांस्कृतिक छटा बिखेरी, वहीं गोवा दिवस को समर्पित इस शाम को गोवा के कलाकारों ने और हसीन बना दिया।

बहरहाल, नार्थ ईस्ट इंडिया की प्रस्तुतियों से वहां भी श्रीकृष्ण के प्रति लगाव, उनके प्रेम के लिए समर्पण और उनकी विभिन्न लीलाओं के लिए उतनी ही श्रद्धा प्रतिबिंबित हुई, जितनी वृंदावन, मथुरा और समूचे उत्तर भारत में है।

जब स्टेज पर रास के लिए श्रीकृष्ण आए और बैक ग्राउंड से उनके कुंज वन में रास के लिए आने के संगीतमय बोल सुनाई दिए तो मुक्ताकाशी मंच की दर्शकदीर्घाएं ही नहीं, समूचा शिल्पग्राम  तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

शिल्पग्राम उत्सव 2023: उत्तर पूर्व के लोक नृत्यों ने मंच पर साकार किए श्रीकृष्ण
शिल्पग्राम उत्सव 2023: उत्तर पूर्व के लोक नृत्यों ने मंच पर साकार किए श्रीकृष्ण

जब कृष्ण एकल नृत्य करते हुए राधा और गोपियों का इंतजार करने लगे, तो उनकी भाव भंगिमाएं इतनी आकर्षक रहीं कि दर्शक उनकी एक एक अदा पर वाहवाही कर उठे। फिर, जब लाड़ली किशोरी राधा के संग गोपियां कुंज वन में पहुंची तो श्रीकृष्ण उमंग और उत्साह में भरे हुए उनके साथ रास रचाने लगे।

शिल्पग्राम उत्सव 2023 कार्यक्रम में गोपाल और गोपियों के इस रास नृत्य का हर स्टेप इतना सुंदर और पावन था कि कई श्रद्धालु दर्शक भावविभोर होकर हरे कृष्ण, राधे—राधे करने लगे। दरअसल, यह ‘बसंत रास’ मणिपुर में बसंत पूर्णिमा को परफॉर्म  किया जाता है और इसमें राधा एवं गोपियां श्रीकृष्ण के बांसुरी वादन की प्रशंसा करती है और रास रचाती हैं।

राधा के साथ कृष्ण के मिलन के साथ यह रास पूर्ण होता है। लब्बो लुआब यह कि युवा और सांस्कृतिक गतिविधि केंद्र (सीवाईसीए), इम्फाल, मणिपुर की इस प्रस्तुति ने वातावरण भक्तिमय बना दिया।

उदयपुर मे आयोजित शिल्पग्राम उत्सव 2023 इन्होंने किया परफॉर्म

इस ‘मणिपुरी रास’ में इबोमचा मैतई के निर्देशन में बिद्याशोरी देवी ने श्रीकृष्ण और जोशिता चानू ने राधा की भूमिका में रास किया। इनके साथ ही लैरेल्लाकपम सनातोम्बी देवी, सनाथोई लैरेल्लाकपम, कोंथोजम विक्टोरिया देवी, लुसी अकोइजम, निंगोंबम जोनिबाला देवी, सुंदम जलिश गोपियां बनी हैं और कॉस्टयूम डिजाइनर वांखेम धनंजय सिंह रहे।

असम के सत्रिया नृत्य नाटिका में श्रीकृष्ण की लोकहर्षक लीलाएं

असम के सत्रिया लोक नृत्य में भी भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं मंच पर जीवंत हुईं। इस नयनाभिराम और मनमोहक नृत्य नाटिका में जहां गोप बालकों के साथ खेलते हुए गेंद यमुना में चली गई तो उन्होंने जाकर निकाली थीं। इस प्रसंग का पुन:स्मरण कराते हुए कुशल डेका के निर्देशन में असम के ग्रुप ने उम्दा परफोरमेंस दी।

इस प्रस्तुति में कथक आधारित नृत्य नाटिका में श्रीकृष्ण का यमुना में गेंद लाने के बहाने कूदना और कालिया नाग का वध करना बहुत ही शानदार भावाभिव्यक्ति के साथ प्रदर्शित किया गया। वहीं, किशोरवय श्रीकृष्ण के मथुरा जाने और वहां कंस को द्वंद युद्ध में पराजित करने का प्रसंग भी मंच पर सजीव हुआ।

शिल्पग्राम उत्सव 2023: उत्तर पूर्व के लोक नृत्यों ने मंच पर साकार किए श्रीकृष्ण
शिल्पग्राम उत्सव 2023: उत्तर पूर्व के लोक नृत्यों ने मंच पर साकार किए श्रीकृष्ण

इस लोक नृत्य के आरंभ में इस नृत्य के रचयिता संत माधवदेव का नाम घोष की प्रस्तुति दी गई। फिर, ‘राजघरिया चलि नृत्य’ का प्रस्तुत किया गया, जिसमें पाद-क्रिया और ताल, ठुकानी और सूता ताल जैसे तालमय तत्वों का खूबसूरत प्रदर्शन किया गया।

शिल्पग्राम उत्सव 2023 कार्यक्रम में इन्होंने किया परफॉर्म

ट्रिनायन संगीत महाविद्यालय, गुवाहाटी की इस भावपूर्ण नृत्य नाटिका में राष्ट्रीय सत्रिया शिल्पी पुरस्कार विजेता और ट्रिनायन कॉलेज प्रमुख गुरु कुशल डेका के निर्देशन में उनके साथ डॉरोथी एंजेला कश्यप, लिजा डेका, परिस्मिता कलिता, मधुस्मिता बैश्य, मयूरी चौधरी, निहार प्रतिम नाथ, और बॉबी मजूमदार ने परफॉर्म किया।

शिल्पग्राम उत्सव 2023 कार्यक्रम में रास लीला का सुपर फ्यूजन

अंत में उत्तर पूर्व के दोनों ग्रुप को सामूहिक पेशकश रास लीला ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस प्रस्तुति में राधा-कृष्ण और गोपियों ने रास के सौंदर्य का आभास कराया।

शिल्पग्राम उत्सव 2023 में भाग लेने वाले सभी आर्टिस्ट सम्मानित

दोनों ग्रुप के तमाम आर्टिस्ट को पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर की निदेशक किरण सोनी गुप्ता और दीप्ति माहेश्वरी राजसमंद विधायक, पद्मश्री प्रेमजीत बारिया, मधुकर गुप्ता एवं शगुन वेलिप ने पोर्टफोलियो एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

शिल्पग्राम उत्सव 2023 कार्यक्रम में फड़ कला महिला कार्यशाला संपन्न

शिल्पग्राम के मुक्ताकाशी रंगमंच के पास तीन दिवसीय महिला फड़  कार्यशाला सोमवार को संपन्न हुई। इसमें 30 प्रतिभागी महिलाओं ने भाग लेकर अपनी इस कला को सिद्धहस्त गुरुओं   छीतरमल जोशी और मनोज जोशी से प्रशिक्षण प्राप्त कर निखारा। वहीं कई युवतियों ने इस कला का बेस और बारीकियां सीखी।

शिल्पग्राम उत्सव 2023: उत्तर पूर्व के लोक नृत्यों ने मंच पर साकार किए श्रीकृष्ण
शिल्पग्राम उत्सव 2023: उत्तर पूर्व के लोक नृत्यों ने मंच पर साकार किए श्रीकृष्ण

समापन के अवसर पर पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर की निदेशक किरण सोनी गुप्ता और कला एवं संस्कृति निदेशालय गोवा के निदेशक, सगुन आर. वेलिप ने कार्यशाला की सराहना करते हुए नए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

उदयपुर के साथ देश विदेश की तमाम बड़ी खबरों के लिए निहारिका टाइम्स को फॉलो करें। हमें फेसबुक पर लाइक करें और ट्विटर पर फॉलो करें। ताजा खबरों के लिए हमेशा निहारिका टाइम्स पर जाएं।

Share This Article