सोनभद्र खनन हादसे में मृतकों के परिवारों को 50 लाख और नौकरी की मांग

Kheem Singh Bhati

सोनभद्र में हुए खनन हादसे के बाद आज कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। 15 नवंबर को सोनभद्र के ओबरा थाना क्षेत्र में भीषण खनन हादसा हुआ था, जिसमें सात मजदूरों ने अपनी जान गंवाई थी। चार दिन तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था, इसके बाद मलबे से सभी शव बरामद किए गए थे। इस हादसे में एक ही परिवार के दो सगे भाइयों ने भी जान गंवाई थी। आज कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सभी पीड़ित परिवारों से मिले।

इस दौरान अजय राय ने इस हादसे पर दुख जताते हुए सरकार से 50 लाख मुआवजे के साथ एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। पीड़ित परिवारों ने अजय राय से अपना दर्द बयां किया। एक युवक की पत्नी ने कहा कि उसके लिए पूरी दुनिया उजड़ चुकी है। अब उसके लिए चार बच्चों को पालना चुनौती है। यह पूरा मामला ओबरा थाना क्षेत्र के पनारी ग्राम पंचायत के करमसार गांव का है। 15 नवंबर को पहाड़ी के दरकने से भीषण हादसा हुआ था, जिसमें 7 मजदूरों की मौत हो गई थी।

चार दिन तक प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें सभी सातों शव बरामद कर लिए गए थे। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया था। आज कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष इन्हीं पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान अजय राय ने सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि यह हादसा सरकार की नाकामी का नतीजा है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को कम से कम 50 लाख का मुआवजा दिया जाना चाहिए और एक सरकारी नौकरी भी मिलनी चाहिए।

मृतक की पत्नी ने कहा कि इस हादसे के बाद अधिकारी आए थे और 5 लाख की मदद भी दी, लेकिन आज तक हमें शौचालय नहीं मिला, न ही राशन कार्ड है। सरकार की ओर से चलाई जा रही हर घर नल जल योजना भी हमारे घर तक नहीं पहुंची है। हमारे घर एक बूंद पानी भी इस योजना का नहीं आया है। मेरे चार बच्चे हैं, एक बच्चा बहुत छोटा है, तीन बेटियां हैं। अब मैं उनका भविष्य कैसे संभालूं? मेरे पति के जाने से मेरी दुनिया उजड़ चुकी है।

पति ने कहा था कि रविवार को वह घर आएंगे लेकिन यह हादसा हो गया और शनिवार को उनकी मौत की खबर आ गई।

Share This Article
kheem singh Bhati is a author of niharika times web portal, join me on facebook - https://www.facebook.com/ksbmr