पटना। बिहार के वैशाली जिले की राघोपुर विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सतीश कुमार यादव के बीच तीसरी बार मुकाबला होने जा रहा है। तेजस्वी यादव ने 2015 में इस सीट से जीत हासिल कर राजनीति में कदम रखा था। उस समय जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के विधायक सतीश कुमार यादव ने भाजपा का दामन थाम लिया था। 2015 के चुनाव में तेजस्वी यादव ने सतीश कुमार यादव को 22733 मतों से हराया था।
2020 में तेजस्वी यादव ने फिर से राघोपुर से चुनाव लड़ा और सतीश कुमार यादव को 38174 मतों से हराकर सीट अपने नाम की। राघोपुर सीट राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार की परंपरागत सीट मानी जाती है। यहां लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव जीतते आए हैं। लालू प्रसाद यादव ने 1995 और 2000 में इस सीट से जीत हासिल की थी। राबड़ी देवी ने भी 2005 में चुनाव जीते। 2010 में जदयू के सतीश कुमार यादव ने राबड़ी देवी को 13006 मतों से हराकर परंपरा को तोड़ा।
अब एक बार फिर राघोपुर की सीट चर्चा में है। यहां 06 नवंबर को मतदान होगा। यह देखना दिलचस्प होगा कि सतीश कुमार यादव दूसरी बार जीतते हैं या तेजस्वी यादव यहां से हैट्रिक बनाते हैं।


