दीपावली से पहले व्यापारियों ने बाजार सुधार की मांग की

Tina Chouhan

जयपुर। चैम्बर ऑफ कॉमर्स में शुक्रवार को आयोजित जयपुर व्यापार महासंघ की बैठक में इस बार दीपावली को भव्यता से मनाने का निर्णय लिया गया। महासंघ ने तय किया कि त्योहारी सीजन में वोकल फॉर लोकल अभियान को गति देने के लिए बाजारों को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा और स्वदेशी उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। बैठक में सबसे अधिक चर्चा ई-रिक्शा अव्यवस्था, अतिक्रमण, पार्किंग की कमी, यातायात व्यवस्था और सफाई को लेकर हुई।

व्यापारियों ने नगर निगम से आग्रह किया कि दीपावली से पहले बाजारों का रंग-रोगन, टूटी लाइटों की मरम्मत, बरसात से खराब हुई सड़कों और नालों की सफाई तथा पेड़ों की छंटाई का कार्य पूरा कराया जाए। जल्द संयुक्त बैठक होगी। बैठक में नगर निगम हेरिटेज सीईओ निधि पटेल और एसीपी पुष्पेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान का आश्वासन दिया। सीईओ ने कहा कि जल्द ही यातायात विभाग, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त बैठक बुलाने का भी निर्णय लिया गया। ये थे उपस्थित।

जयपुर व्यापार महासंघ से जुड़े 50 बाजार व्यापार मंडलों के पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें अध्यक्ष सुभाष गोयल, महामंत्री सुरेश सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र बज, कोषाध्यक्ष सचिन गुप्ता सहित कई अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

Share This Article