जयपुर। सेंट्रल जेल से देर रात चोरी के आरोप में बंद दो कैदी फरार हो गए। सुबह घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर आला अधिकारी पहुंचे और फरार बंदियों की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू किया गया। सूत्रों के अनुसार, दोनों बंदियों ने मुलाकात कक्षा के पास बनी पानी की पाइप का सहारा लेकर जेल की ऊंची दीवार पार की और भाग निकले। घटना रात के समय हुई और जेल प्रशासन को सुबह गणना के दौरान इसकी जानकारी मिली।
फरार बंदी चोरी के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल में बंद थे और पुलिस ने उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि बंदियों के फरार होने में जेलकर्मियों की लापरवाही या मिलीभगत हो सकती है। फिलहाल पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जयपुर सेंट्रल जेल से बंदियों के इस तरह फरार होने की घटना लंबे समय बाद सामने आई है।
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल सुरक्षा व्यवस्था और अधिकारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।