उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में अगले दो दिन मौसम साफ और शुष्क रहेगा। 4 नवंबर को पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहने की उम्मीद है। राजधानी लखनऊ में भी मौसम साफ रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। गाजियाबाद, मिर्जापुर, अयोध्या, कानपुर, झांसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अमेठी, मथुरा, आजमगढ़, आगरा, अलीगढ़, रायबरेली और कानपुर के आसपास मौसम सामान्य रहेगा।
1 नवंबर को प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिसमें बलिया में सबसे कम 24 डिग्री सेल्सियस और मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा। लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार, 2 और 3 नवंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 4 नवंबर को हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके बाद 5, 6 और 7 नवंबर को फिर से मौसम शुष्क रहेगा।
3 नवंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसके कारण अगले 4 से 5 दिनों में तापमान में कमी देखने को मिलेगी।

