उत्तर प्रदेश में चक्रवात के बाद अगले एक सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के समय धुंध और कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। सोमवार को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर छिछला से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि, इस अवधि में प्रदेश में कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है और तेज झोंकेदार हवा चलने की भी आशंका नहीं है। 4 नवंबर को पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा और कुछ स्थानों पर छिछला से मध्यम कोहरा छाने की संभावना है।
3 से 9 नवंबर तक मौसम कैसा रहेगा, इस पर लखनऊ मौसम केन्द्र का कहना है कि 3 से 4 नवंबर की सुबह पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में कहीं-कहीं छिछले से मध्यम कोहरे की स्थिति बनेगी। 4 नवंबर को पश्चिमी यूपी के 8 जिलों आगरा, झांसी, ललितपुर, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, जालौन, और औरया में बादलों की आवाजाही देखने को मिलेगी। 5 से 9 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री की गिरावट, फिर उसके बाद 2 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।
नवंबर के दूसरे हफ्ते में तापमान में 2-3 डिग्री की क्रमिक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। पिछले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। पूरे हफ्ते का मौसम इस प्रकार रहेगा: 3-11-2025: पश्चिमी/पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क/कहीं-कहीं छिछले से मध्यम कोहरा, 4-11-2025: पश्चिमी में शुष्क/पूर्वी यूपी में सुबह के समय कहीं-कहीं छिछले से मध्यम कोहरा, 5-11-2025 से 9-11-2025 तक पश्चिमी/पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा।

