उत्तराखंड के निगम कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में वृद्धि

Jaswant singh

उत्तराखंड के निगम कर्माचारी लंबे समय से महंगाई भत्ते की मांग कर रहे थे। राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने सभी निगम कर्मचारियों के लिए 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा की है। यह बढ़ोतरी जुलाई 2025 से सभी पात्र कर्मचारियों को मिलेगी। अब कर्मचारियों को 55 प्रतिशत की बजाय 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। इस निर्णय से सातवें पुनरीक्षित वेतनमान में वेतन लेने वाले सार्वजनिक निकायों, उपक्रमों और स्वायत्त संस्थाओं के हजारों अधिकारियों और कर्मचारियों को लाभ होगा।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह बढ़ोतरी राज्य कर्मकारों, सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थाओं, नगर निकायों, स्थानीय निकायों तथा पूर्णकालिक और अंशकालिक कर्मचारियों पर भी लागू होगी। राज्य निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश राणाकोटी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है। निगम के कर्मचारी लंबे समय से महंगाई भत्ते में वृद्धि की मांग कर रहे थे और महासंघ ने राज्य सरकार को ज्ञापन भी सौंपा था।

सार्वजनिक उद्यम विभाग के सचिव विनय शंकर पांडेय ने आदेश जारी करते हुए कहा कि अब निगम कर्मियों को भी राज्य सरकारी कर्मचारियों की तरह बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता मिलेगा। महासंघ के प्रदेश महामंत्री नंदलाल जोशी ने निर्णय का स्वागत किया है और कहा कि सरकार ने कर्मचारियों की मांग को सम्मान दिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार भविष्य में भी कर्मचारी हित में निर्णय लेती रहेगी। धामी सरकार के इस निर्णय से राज्यभर के कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

Share This Article
Follow:
Jaswant singh Harsani is news editor of a niharika times news platform