वासुदेव देवनानी की लंदन यात्रा और सावरकर हाउस का दौरा

Tina Chouhan

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी राष्ट्रमंडल संसदीय संघ द्वारा आयोजित विश्व विधान मंडलों की संसदीय प्रणाली अध्ययन यात्रा के तहत लंदन पहुंचे। इस यात्रा के दौरान उन्होंने ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन किया और कई जनप्रतिनिधियों से मिले। देवनानी ने स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े महत्वपूर्ण स्थल सावरकर हाउस का भ्रमण किया, जहां वीर विनायक दामोदर सावरकर ने 1857 के स्वतंत्रता समर की पुस्तक लिखी, जिसने युवाओं को आजादी के आंदोलन के लिए प्रेरित किया। इसी स्थान पर 1905 में श्याम कृष्ण वर्मा ने इंडिया हाउस की स्थापना की, जो क्रांतिकारी गतिविधियों का केंद्र बना।

लंदन प्रवास के दौरान उन्होंने हरो की मेयर अंजना पटेल से शिष्टाचार भेंट की, जो तंजानिया मूल की पहली भारतीय महिला हैं, जिन्हें हरो की 73वीं मेयर बनने का गौरव प्राप्त हुआ। इसके अलावा, उन्होंने ब्रिटिश सांसद बाब ब्लैकमैन से भी मुलाकात की और यूके में भारतीय समुदाय के योगदान व चुनौतियों पर चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने ब्लैकमैन को राजस्थान विधानसभा आने का आमंत्रण भी दिया। देवनानी ने लंदन में आयोजित नवरात्रा समापन समारोह में भी भाग लिया, जिसमें भारतीय समुदाय के कई गणमान्य शामिल हुए।

Share This Article