नई दिल्ली। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) के पहले संस्करण की सफलता के बाद अब इसका दूसरा संस्करण (वीबीवाईएलडी–2026) शुरू किया जा रहा है। शनिवार को इसकी औपचारिक घोषणा नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने की। डॉ. मांडविया ने कहा कि वीबीवाईएलडी ऐसा अनोखा मंच है, जहां भारत के युवा न केवल अपने विचार साझा कर सकते हैं बल्कि सीधे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सामने रख सकते हैं।
यह सचमुच युवा आधारित लोकतंत्र का उदाहरण है, जहां विजन को आवाज़ और आवाज़ को असर में बदलने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि वीबीवाईएलडी युवाओं की ताकत और क्षमता को सही दिशा देने वाला मंच है, जो आने वाले भारत का ब्लूप्रिंट तैयार करता है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि आज के युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान के राष्ट्रनिर्माता हैं। उन्होंने कहा कि वीबीवाईएलडी सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह एक लगातार चलने वाला मंच है जो देशभर के युवाओं को जोड़ता है और उनकी नेतृत्व क्षमता को निखारता है।
इसके जरिए नवाचार बढ़ता है, समाज मजबूत होता है और आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा होता है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की सचिव पल्लवी जैन गोविल ने वीबीवाईएलडी 2026 की प्रक्रिया और ढांचा को समझाया। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों की यात्रा ऑनलाइन क्विज़ और निबंध प्रतियोगिता से शुरू होगी, फिर राज्य स्तर की प्रस्तुतियों तक जाएगी और अंत में राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में पूरी होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि इस बार वीबीवाईएलडी 2026 में नए ट्रैक जोड़े जा रहे हैं और पूरे साल के कई चरणों के बाद इसका शिखर आयोजन जनवरी 2026 में राष्ट्रीय युवा उत्सव के दौरान होगा। वीबीवाईएलडी 2026 पहले वाले सभी मुख्य विषयों और ट्रैक्स को बनाए रखेगा, लेकिन इसके साथ ही कुछ नए बदलाव और पहली बार अंतरराष्ट्रीय भागीदारी भी जोड़ी जाएगी। मुख्य जोड़ इस प्रकार हैं –डिजाइन फॉर भारत – यह एक राष्ट्रीय डिजाइन चैलेंज होगा, जिसमें कई चरण होंगे।
यह विकसित भारत@2047 के विज़न से जुड़ा होगा।टेक फॉर विकसित भारत – हैक फॉर ए सोशल कॉज – यह एक हैकाथॉन होगा, जिसमें अलग-अलग चरणों में तकनीक पर आधारित समाधान और प्रोटोटाइप बनाए जाएंगे और इसका विषय विकसित भारत@2047 पर आधारित होगा।अंतरराष्ट्रीय भागीदारी – पहली बार इसमें विदेशों से भी युवा जुड़ेंगे। इसमें विदेश मंत्रालय की पहल भारत को जानो कार्यक्रम के 80 युवा, बिम्सटेक देशों के 20 प्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रतियोगिता की रूपरेखाराज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं चुने हुए नोडल संस्थानों में होंगी। राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक राज्य/केंद्र शासित प्रदेश से तीन-तीन सदस्य की टीमें भाग लेंगी।
हैकाथॉन और डिजाइन चैलेंज के लिए कुल 100 प्रतिभागी राष्ट्रीय फाइनल तक पहुंचेंगे और अपने इनोवेशन दिखाएंगे।
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक (4 चरणों में)चरण I – क्विज – 01 सितंबर से 15 अक्टूबर 2025चरण II – निबंध प्रतियोगिता – 23 अक्टूबर से 5 नवंबर 2025चरण III – पीपीटी चैलेंज (राज्य स्तर) – 24 नवंबर से 8 दिसंबर 2025चरण IV – विकसित भारत चैंपियनशिप, नेशनल यूथ फेस्टिवल, नई दिल्ली – 10 से 12 जनवरी 2026 कल्चरल एंड डिजाइन ट्रैक (3 चरणों में)जिला स्तर – 01 सितंबर से 31 अक्टूबर 2025राज्य स्तर – 10 नवंबर से 01 दिसंबर 2025राष्ट्रीय स्तर – 10 से 12 जनवरी 2026 इस ट्रैक में भाषण, कहानी लेखन, पेंटिंग, लोकगीत, लोकनृत्य, कविता लेखन और इनोवेशन जैसी गतिविधियां होंगी।
इसमें हर राज्य/केंद्र शासित प्रदेश से हर श्रेणी की सबसे अच्छी टीम राष्ट्रीय स्तर के लिए चुनी जाएगी। डिजाइन फॉर भारत एंड टेक फॉर विकसित भारत – हैक फॉर ए सोशल कॉज राज्य स्तर पर ये प्रतियोगिताएं चुने हुए नोडल संस्थानों में होंगी। राष्ट्रीय स्तर पर हर राज्य/केंद्र शासित प्रदेश से 3 सदस्यीय टीमें भाग लेंगी। दोनों ट्रैक्स से मिलाकर कुल 100 प्रतिभागी राष्ट्रीय फाइनल तक पहुँचेंगे। ये देश के सबसे उज्ज्वल और प्रतिभाशाली युवा इनोवेटर्स का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी – जनवरी 2026वीबीवाईएलडी 2026 का ग्रैंड फिनाले नई दिल्ली में 10–12 जनवरी 2026 को होगा।
इसमें कुल 3,000 प्रतिभागी शामिल होंगे। इसमें 1,500 प्रतिभागी विकसित भारत चैलेंज ट्रैक से, 1,000 प्रतिभागी कल्चरल एंड डिजाइन ट्रैक से, 100 प्रतिभागी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि, 400 विशेष अतिथि शामिल होंगे। पंजीकरण और भागीदारीवीबीवाईएलडी 2026 की यात्रा पहले ही शुरू हो चुकी है। क्वीज राउंड के लिए पंजीकरण माय भारत पोर्टल पर खोले जा चुके हैं। इसके निमित पंजीकरण की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर है। वीबीवाईएलडी 2025 : पहला संस्करण रहा ऐतिहासिक आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर यह संकल्प लिया था कि राजनीति में बिना राजनीतिक पृष्ठभूमि के एक लाख युवाओं को जोड़ा जाए।
इसी सोच से नेशनल यूथ फेस्टिवल को नए स्वरूप में ढालकर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग का नाम दिया गया। इसका उद्देश्य 15 से 29 वर्ष के युवाओं को एक राष्ट्रीय मंच देना है, जहाँ वे अपने विचार सीधे प्रधानमंत्री के सामने रख सकें और विकसित भारत के निर्माण में भागीदार बनें। पहले ही साल 2025 में इस कार्यक्रम ने इतिहास रच दिया। विकसित भारत चैलेंज के जरिए देशभर के लगभग 30 लाख युवा भागीदारी हुए। इनमें से 2 लाख से अधिक युवाओं ने निबंध लिखे और 9,000 से ज्यादा युवाओं ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
अंत में 3,000 युवा दिल्ली के भारत मंडपम में एकत्र हुए। इनमें 1,500 युवा विकसित भारत चैलेंज ट्रैक से, 1,000 सांस्कृतिक ट्रैक से और 500 पाथब्रेकर्स शामिल थे।


