राजस्थान में विजयादशमी उत्सव के तहत 9 हजार कार्यक्रम आयोजित हुए

Tina Chouhan

जयपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विजयादशमी उत्सव 28 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक मनाया गया। इस बार पूरे राजस्थान में प्रत्येक बस्ती व मंडल स्तर पर करीब 9 हजार स्थानों पर कार्यक्रम हुए। इनमें संघ के सभी आयु वर्ग के स्वयंसेवक सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता रही। उल्लेखनीय है कि संघ की रचना के अनुसार चार पांच गांव मिलकर एक मंडल होता है और शहरों में दो हजार घर की एक बस्ती होती है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जयपुर प्रान्त संघचालक सरदार महेंद्र सिंह मग्गो ने बताया कि जयपुर प्रांत में 2500 से ज्यादा स्थानों पर कार्यक्रम हुए, जिनमें लगभग तीन लाख स्वयंसेवकों ने भाग लिया। एक लाख से अधिक स्वयंसेवकों ने नया गणवेश बनवाया। इन कार्यक्रमों में करीब पांच लाख जनता भी सहभागी रही। बड़ी संख्या में महिलाएं और युवाओं ने विजयादशमी के कार्यक्रमों में भाग लिया। जयपुर शहर में 291 स्थान पर विजयादशमी उत्सव का आयोजन हुआ।

कार्यक्रमों में यह रहे मुख्य वक्ता : इन कार्यक्रमों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य दुर्गादास, शंकर लाल, सुरेश कुमार, सेवा भारती के अखिल भारतीय अधिकारी मूलचंद, क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल, क्षेत्र प्रचारक निम्बाराम, क्षेत्र कार्यवाह जसवंत खत्री, सह क्षेत्र कार्यवाह गेंदालाल और प्रांत प्रचारक बाबूलाल समेत संघ के कई अधिकारियों ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। इस अवसर पर भारत की प्राचीन परंपरा के अनुसार उत्साह से शस्त्र पूजन भी किया गया। अनेक स्थानों पर स्वयंसेवकों ने संचलन भी निकाला।

Share This Article