समस्तीपुर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समस्तीपुर जिले के सरायरंजन स्थित नरघोधी खेल मैदान से बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में चुनावी अभियान की शुरुआत की और लोगों से कहा कि विकास के नाम पर मतदान करते हुए उनके गठबंधन के उम्मीदवारों को विजयी बनाएं। कुमार समस्तीपुर के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र से राजग गठबंधन समर्थित जदयू उम्मीदवार जलसंसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के चुनाव नामांकन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से केंद्र सरकार बिहार को आर्थिक सहयोग दे रही है, उसके परिणामस्वरूप आने वाले समय में बिहार को विकसित प्रदेश बनने से कोई रोक नहीं सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के विकास के प्रति सचेत हैं और प्रदेश की विकास योजनाओं को पूरा करने में हर संभव मदद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि वे अब राजग छोड़कर किसी और गठबंधन में नहीं जाएंगे।