जोधपुर। राज्य के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिसिंग में सुधार के साथ तकनीक का उपयोग किया जाएगा, और महिला सुरक्षा पर पुलिस का ध्यान केंद्रित रहेगा। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्राथमिकताओं के अनुसार कार्य किया जाएगा। उन्होंने तकनीक के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भी जोर दिया। शर्मा ने बताया कि मुख्यालय की प्राथमिकताओं के आधार पर पुलिस कार्य कर रही है। ड्यूटी और आवश्यकता के अनुसार पुलिसकर्मियों को नियमित अवकाश देने का प्रावधान किया गया है, जिससे उनकी कार्य क्षमता और मानसिक संतुलन बना रहे।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग किया जा रहा है। आधुनिक संसाधनों का पूरा उपयोग किया जा रहा है। सीसीटीवी नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। थानों को सीसीटीवी से जोड़ा जा रहा है और प्रमुख चौराहों को कवर करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महिला अपराध में आई गिरावट पर डीजीपी ने कहा कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके लिए महिला सुरक्षा और संवाद आरंभ किया गया है, जिससे महिला अपराधों में गिरावट देखी जा रही है।
महिला पुलिस टीमों द्वारा आम महिलाओं से संवाद स्थापित कर एक सकारात्मक माहौल बनाया जा रहा है। झूठे मुकदमे करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। डीजीपी ने कहा कि जहां महिलाएं असुरक्षित महसूस करती हैं, वहां पुलिस कमिश्नर टीम के साथ जाकर चिन्हीकरण करेंगे। ट्रैफिक नियंत्रण में जनभागीदारी जरूरी है। इसके लिए ट्रैफिक नियमों का पालन स्कूल और परिवार से शुरू होता है। केवल चालान करना उद्देश्य नहीं, बल्कि लोगों की मानसिकता बदलना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि घरों में रखे जाने वाले नौकरों और किरायेदारों के सत्यापन को लेकर पुलिस गंभीर है, जिससे अपराध की रोकथाम की जा सके।


