दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ का खतरा

Sabal SIngh Bhati
By Sabal SIngh Bhati - Editor

नई दिल्ली। यमुना नदी का जलस्तर मंगलवार सुबह खतरे के निशान से करीब आधा मीटर ऊपर पहुंच गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, आज सुबह आठ बजे दिल्ली के पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर 205.80 मीटर दर्ज किया गया, जो लगातार बढ़ रहा है। खतरे का निशान 205.33 मीटर पर है। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को हुई भारी बारिश और हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से लगातार बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते यमुनानगर जिले के हथिनीकुंड बैराज से लाखों क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। यमुना के बढ़ते जलस्तर के बीच, दिल्ली प्रशासन ने बचाव दल और अन्य संबंधित एजेंसियों को स्टैंड-बाय मोड में रखा है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे यमुना किनारे न जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। डूब क्षेत्र और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को इन क्षेत्रों को खाली करने की चेतावनी दी जा रही है।

Share This Article