यमुनापार क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है

Sabal SIngh Bhati
By Sabal SIngh Bhati - Editor

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार यमुनापार के विकास को लेकर बेहद गंभीर है और अब यमुनापार में तेजी से विकास कार्य होंगे तथा इसके लिए बजट की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। गुप्ता ने यहां गांधी नगर में आयोजित ‘वस्त्रिका-2025 कार्यक्रम में कहा कि उनकी सरकार यमुनापार क्षेत्र को पूरी ताकत के साथ फिर से दिल्ली के विकास में अग्रिम श्रेणी में खड़ा करेगी। उन्होंने वस्त्र उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों, व्यापारियों और उद्यमियों से संवाद किया तथा उनके योगदान की सराहना की।

उन्होंने कहा कि गांधी नगर का वस्त्र उद्योग दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश में रेडीमेड परिधान आपूर्ति का प्रमुख केंद्र है और दिल्ली सरकार इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि अब यमुनापार क्षेत्र का तेजी से विकास होगा और इसमें जनप्रतिनिधियों की मदद ली जाएगी। यमुनापार के विकास कार्यों के लिए जो भी बजट आवश्यक होगा, उसे सरकार तत्काल स्वीकृत करेगी।

उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद पूर्वी दिल्ली के सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और यमुनापार विकास बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली से आग्रह किया कि वे यमुनापार की जरूरत के अनुसार विकास कार्यों का आकलन तैयार कर भेजें तथा सरकार उसी के अनुसार तुरंत बजट पारित कर देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी नगर मार्केट केवल दिल्ली की ही नहीं बल्कि पूरे भारत का गर्व है। पिछले 50 वर्षों की इस स्वर्णिम यात्रा में आपने ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को साकार किया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने के लिए हमारी सरकार भारतीय प्रोडक्ट्स की ब्रांडिंग से लेकर क्वालिटी सुधार और वैश्विक स्तर पर प्रचार-प्रसार के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

Share This Article