योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन : यामागुची से सिंधू तक टॉप-10 महिला खिलाड़ियों पर रहेगी नजर

Jaswant singh
7 Min Read

नई दिल्ली, 15 जनवरी ()। योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन 2023 को पहली बार सुपर 750 दर्जा मिला है और अब इसका आयोजन नई दिल्ली में इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में 17 जनवरी से 22 जनवरी तक होने जा रहा है। इस दौरान फैंस को विश्व स्तरीय बैडमिंटन देखने को मिलेगा।

दुनिया भर से प्रतिष्ठित नाम इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की शोभा बढ़ाएंगे। अपग्रेड होने के बाद इंडिया ओपन बड़ा और बेहतर हो गया है और इसी के साथ यह देश के खेल प्रेमियों के लिए अपनी तरह का अनूठा अनुभव साबित होगा। भारतीय बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित भारत के इस सबसे बड़े बैडमिंटन टूर्नामेंट में वैसे तो कई महिला स्टार हिस्सा ले रही हैं लेकिन मुख्य रूप से नजर शीर्ष-10 पर रहेगी, जिनका जिक्र नीचे किया जा रहा है।

1.अकाने यामागुची (जापान)

वल्र्ड नंबर-1 अकाने यामागुची अपना पहला योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन खिताब जीतने की दौड़ में सबसे आगे हैं। 2021 और 2022 में विश्व चैंपियनशिप में लगातार दो स्वर्ण पदक अपने नाम करने के साथ, वह यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट जीतने वाली दो जापानी महिला एकल खिलाड़ियों में से एक हैं। 25 वर्षीय अकाने के तेज, मेहनती और धैर्यपूर्ण प्लेइंग स्टाइल ने उन्हें पिछले साल ऑल इंग्लैंड ओपन और जापान ओपन खिताब के साथ-साथ एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक दिलाया था। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया ओपन के फाइनल में जगह बनाकर 2023 की धमाकेदार शुरूआत की है और वह भारत में भी उसी फॉर्म को जारी रखने की इच्छुक होंगी।

2)चेन युफेई (चीन)

टोक्यो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता- चेन युफेई तीन साल से अधिक समय के बाद अपना पहला सुपर 750 खिताब जीतकर नए साल की बेहतरीन शुरूआत करने की उम्मीद के साथ भारत पहुंचीं हैं। वल्र्ड नंबर-2 के लिए 2022 निराशाजनक रहा। उन्हें बीडब्ल्यूएफ वल्र्ड टूर फाइनल्स में हार मिली। हालांकि युफेई ने इंडोनेशिया मास्टर्स में जीत हासिल की, लेकिन वह दो-दो सुपर 300, सुपर 500 और सुपर 750 इवेंट्स में हार गई। पिछले साल उन्हें जापान की अकाने यामागुची के खिलाफ अपने पहले विश्व चैंपियनशिप फाइनल में हार मिली थी। हालांकि, वह उस हार का बदला लेने के लिए ²ढ़ संकल्पित हैं और योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन का पहला खिताब जीतने के लिए मानसिक और शारीरिक तौर पर तैयार हैं।

3) अन से-यंग (दक्षिण कोरिया)

दक्षिण कोरिया की युवा शटलर अन से-यंग बीडब्ल्यूएफ सर्किट पर शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। सिर्फ 20 साल की उम्र में उनके पास पहले से ही 11 बीडब्ल्यूएफ वल्र्ड टूर खिताब हैं और वह पांच में उपविजेता भी रही हैं।

4) पीवी सिंधु (भारत)

भारत की सबसे सफल खेल हस्तियों में से एक के रूप में मानी जाने वाली- पीवी सिंधु 2017 के अपने प्रदर्शन को दोहराने और अपने करियर में दूसरी बार योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन जीतने की इच्छुक होंगी। महिला एकल में पांच बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता 27 वर्षीय सिंधु टूर्नामेंट में भारत की पहली और एकमात्र चैंपियन हैं। सिंधु ने 2019 संस्करण के फाइनल में नोजोमी ओकुहारा को हराया था। इसके अलावा उनके नाम दो ओलंपिक पदक भी हैं। मौजूदा वल्र्ड नंबर-7 ने पिछले साल के कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था और इस इवेंट में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक का पूरा सेट जीतने वाली केवल दूसरी महिला एकल खिलाड़ी बन गईं। ऐसे में जब यह स्टार शटलर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ अपने सर्वोच्च स्तर के गेमप्ले का प्रदर्शन करने के लिए कोर्ट में उतरेगी तो घरेलू फैंस की भीड़ उमड़ पड़ेगी।

5)रत्चानोक इंतानोन (थाईलैंड)

2013 की विश्व चैंपियन ने अपने करियर में तीन बार योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन जीता है। वह 2013, 2016 और 2019 संस्करणों की चैंपियन रही हैं। वर्तमान में वह विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर हैं। वह पहली थाई एकल खिलाड़ी है जो न केवल विश्व में नंबर-1 स्थान पर रही हैं बल्कि एशियाई चैंपियनशिप भी जीत चुकी हैं।

6)कैरोलिना मारिन (स्पेन)

महिला एकल वर्ग सबसे बड़े नामों में से एक और सबसे अधिक खिताब जीतने वाली स्पेन की कैरोलिना मारिन के 2023 योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन में तूफान लाने की उम्मीद है। तीन बार की विश्व चैंपियन मारिन ने 2016 का ओलंपिक स्वर्ण पदक भी जीता था और लगातार 66 हफ्तों तक विश्व नंबर-1 रैंक पर कायम रहीं थीं। हालाँकि, लगभग हर बड़े टूर्नामेंट को जीतने के बावजूद इस स्पेनिश खिलाड़ी को भारत के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में खिताबी जीत नहीं मिली है। 2021 स्विस ओपन के बाद से मारिन अपना पहला बीडब्ल्यू वल्र्ड टूर खिताब जीतने के लिए अपने बेहतरीन खेल का मुजायरा पेश करेंगी।

7. हे बिंग जियाओ (चीन)

2014 यूथ ओलंपिक चैंपियन हे बिंग जियाओ, चेन युफेई के बाद 2023 योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन में महिला एकल वर्ग में नजर रखी जाने वाली एक और चीनी खिलाड़ी होंगी।

8. चेन क्विंग चेन-जिया यी फैन (चीन)

यह विश्व नंबर-1 चीनी जोड़ी यकीनन महिला युगल में सबसे बड़ा खतरा होगी क्योंकि वे दिसंबर में वल्र्ड टूर फाइनल्स जीतने के बाद 2023 योनेक्स-सनराइज इंडिया ओपन में आ रही हैं। बेहतरीन फॉर्म में चल रही इस जोड़ी ने मलेशिया ओपन जीतकर सनसनीखेज अंदाज में साल की शुरूआत की है। टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक और विश्व चैंपियनशिप (2017, 2021 और 2022) में तीन स्वर्ण पदक जीतने के अलावा किंग चेन और यी फैन ने 2022 में एक साथ सात खिताब जीते हैं।

9. नामी मात्सुयामा-चिहारू शिदा (जापान)

नामी मात्सुयामा और चिहारू शिदा की घातक जोड़ी उनके युवा दिनों से ही प्रभावशाली रहा है। जूनियर सर्किट में, इन दोनों ने 2015 में विश्व चैंपियनशिप के साथ-साथ एशियाई चैंपियनशिप में एक साथ कांस्य पदक जीते।

10. पियरली टैन-थिनाह मुरलीधरन (मलेशिया)

राष्ट्रमंडल खेलों की मौजूदा चैंपियन पियरली टैन और थिनाह मुरलीधरन की जोड़ी महिला युगल वर्ग में विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर हैं। इस मलेशियाई जोड़ी ने पिछले साल फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था और तीन टूर्नामेंट में सेमीफाइनल में भी जगह बनाई थी।

आईएनएस

आरआर

Share This Article