संभल: समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ को लेकर चल रहे विवाद पर अपना रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने बताया कि वह वंदे मातरम नहीं गाते हैं और किसी को इसे गाने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। बर्क ने इसे अपने धार्मिक विश्वासों और संवैधानिक अधिकारों का मामला बताया। पत्रकारों से बातचीत में जियाउर्रहमान ने अपने दादा, मरहूम सांसद शफीकुर्रहमान बर्क की विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके दादा ने भी हमेशा वंदे मातरम का विरोध किया और वह भी उसी रास्ते पर चलेंगे।
सांसद ने मजहब और संविधान का हवाला देते हुए अपने फैसले के पीछे धार्मिक कारणों को मुख्य वजह बताया। उन्होंने कहा कि इस्लाम केवल एक अल्लाह की इबादत की इजाजत देता है और किसी अन्य स्थान या व्यक्ति को सजदा करने की अनुमति नहीं है। “वंदे मातरम में ऐसे शब्द हैं जो हमारे मजहब के खिलाफ हैं। हम एक अल्लाह की इबादत करते हैं, किसी और जगह को सजदा नहीं कर सकते।
यह हमारे मजहब और संवैधानिक अधिकार का हिस्सा है।” बर्क ने सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले का भी उल्लेख किया, जिसमें कहा गया है कि किसी भी नागरिक को वंदे मातरम गाने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। जब उनसे पूछा गया कि जब राष्ट्रगान गाया जा सकता है तो राष्ट्रीय गीत क्यों नहीं, तो उन्होंने दोनों के शब्दों में अंतर स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “हम जन गण मन का सम्मान करते हैं और उसे खड़े होकर दिल से गाते हैं, क्योंकि वह हमारे देश का राष्ट्रीय गान है।
राष्ट्रीय गान के अल्फाज में कोई आपत्तिजनक बात नहीं है, इसलिए उसे स्कूलों और मदरसों में गाया जाता है।” उन्होंने यह भी कहा कि वंदे मातरम न गाने से उनकी देशभक्ति पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता। “इस बात से मेरी देशभक्ति पर कोई उंगली नहीं उठा सकता। हमारे बुजुर्गों ने इस देश के लिए कुर्बानियां दी हैं। पूरी दुनिया हमारे इतिहास को जानती है।” बर्क का यह बयान वंदे मातरम को लेकर देश में समय-समय पर होने वाली राजनीतिक और सामाजिक बहस को एक बार फिर सामने लाता है।


