मैनपुरी से डिंपल ने रचा कीर्तमान, रामपुर में आकाश ने ढहाया आजम का किला, खतौली में रालोद चमकी

Sabal Singh Bhati
4 Min Read

मैनपुरी, 8 दिसंबर ()। मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) की उम्मीदवार डिंपल यादव ने भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य को दो लाख 88 हजार 461 मतों से हराकर एक नया कीर्तमान बनया है। वहीं रामपुर में भाजपा के आकाश सक्सेना ने 34136 वोट पाकर आजम के किले को ढहा दिया है। खतौली सीट पर रालोद सपा उम्मीदवार मदन भइया ने 22143 वोटों से भाजपा उम्मीदवार को हरा दिया।

चुनाव आयोग द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार, सपा उम्मीदवार डिंपल ने दो लाख 88 हजार 461 मतों से जीत हासिल की। डिंपल ने छह लाख 18 हजार 120 मत हासिल किये जबकि शाक्य को तीन लाख 29 हजार 659 वोट मिले।

डिंपल यादव पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशी से आगे निकल गईं। इसके बाद हर राउंड की गिनती में बढ़त का आंकड़ा बढ़ता चला गया। भाजपा प्रत्याशी कभी भी मुकाबले में नजर नहीं आया। अंत में डिंपल यादव ने 618128 कुल मत प्राप्त किए, जबकि भाजपा प्रत्याशी को कुल 329659 मत मिले। डिंपल को 288461 मतों की बढ़त से विजय मिली।

अब तक रामपुर विधानसभा सीट को आजम खां का गढ़ माना जाता रहा है। इस सीट पर अब 18 बार चुनाव और दो बार उपचुनाव हुए हैं। इन चुनावों में 10 बार आजम खां ने और एक उपचुनाव में उनकी पत्नी डॉ. तजीन फातिमा ने जीत हासिल की है। इस सीट पर हुए 20वें चुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की है। 2002 के बाद यह पहला मौका है, जब इस सीट का प्रतिनिधित्व आजम खां या उनके परिवार का कोई सदस्य नहीं करेगा। इस सीट पर भाजपा के उम्मीदवार आकाश सक्सेना सपा प्रत्याशी आसिम रजा को 34136 वोटों से परास्त कर दिया।

भाजपा के उम्मीदवार आकाश सक्सेना ने कहा कि कश्मीर के बाद सबसे ज्यादा रामपुर सीट पर मुस्लिम है, उन्होंने भाजपा पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि 50 साल पुरानी काली रात खत्म होगी। यहां पर उद्योग-धंधे लगाए जाएंगे। रामपुर से अब्दुल और अंगद दोनों विधानसभा पहुंचेंगे। यहां पर विकास कि गंगा बहेगी। यहां के मुस्लिम भाइयों ने योगी सरकार पर भरोसा जताया है।

सपा उम्मीदवार आसिम रजा ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष नहीं हुए। यहां पर वर्दी पहनकर बंदूक के साथ चुनाव लड़ा गया है। सच तो यह है कि 70 फीसदी लोग वोट डालने से वंचित रह गए हैं।

खतौली विधानसभा सीट को भाजपा से रालोद ने छीन ली। अखिलेश यादव और जयंत चौधरी की सपा रालोद गठबंधन उम्मीदवार मदन भइया ने भाजपा की प्रत्याशी राजकुमारी सैनी 22143 वोट के अंतर से हरा दिया। इस सीट पर भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी। मुख्यमंत्री से लेकर कई लोग इस सीट पर प्रचार पर गए थे।

गौरतलब है कि मैनपुरी सीट सपा संस्थापक मुलायम के निधन से रिक्त हुई थी। इस सीट पर अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी डिंपल को मैदान में उतारा था। उन्होंने मैनपुरी में ससुर मुलायम से ज्यादा वोट पाकर एक नया कीर्तमान गढ़ दिया है।

विकेटी/एसजीके

Share This Article
Sabal Singh Bhati is CEO and chief editor of Niharika Times