नई दिल्ली। इंडिगो का कोच्चि से अबू धाबी जा रहा विमान तकनीकी खराबी के कारण वापस कोच्चि लौट आया। इंडिगो ने एक बयान में बताया कि उड़ान संख्या 6ई 1403 ने कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अबू धाबी के लिए उड़ान भरी थी। रास्ते में तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद पायलट ने विमान को वापस कोच्चि की तरफ मोड़ दिया। कोच्चि हवाई अड्डे पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। विमान को जरूरी जांच के लिए उड़ान भरने से रोक दिया गया है। यात्रियों को दूसरे विमान से अबू धाबी भेजा गया।
इंडिगो के एक प्रवक्ता ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया है और सुरक्षा के प्रति एयरलाइंस की प्रतिबद्धता दर्शायी है।