राजस्थान के 700 लोग नेपाल में फंसे, पुलिस ने हेल्पलाइन जारी की

Tina Chouhan

नेपाल में जारी Gen-Z के हिंसक प्रदर्शनों के बीच राजस्थान के लगभग 700 लोग फंसे हुए हैं। इनमें से अधिकांश श्रद्धालु काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन के लिए गए थे, जबकि कुछ लोग व्यापारिक कार्यों से वहां मौजूद हैं। भारतीयों की सहायता के लिए पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा के निर्देश पर जयपुर पुलिस मुख्यालय में एक विशेष सेल बनाई गई है और 24 घंटे हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। नेपाल में फंसे लोग और राजस्थान में रह रहे उनके परिजन सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं।

आईजी (कानून-व्यवस्था) अनिल कुमार टाक ने न्यूज़ 24 से बातचीत में बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नेपाल में राजस्थान के 700 लोग मौजूद हैं, जिनमें उदयपुर के 33 लोग भी शामिल हैं। सभी जिलों से फंसे नागरिकों की जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्हें सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है और सरकार उनकी सुरक्षित वापसी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। संकट की इस घड़ी में नागरिकों तक तुरंत पहुंचने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे कार्यरत रहेगा।

नेपाल में हुए उपद्रव के बीच फंसे नागरिकों की सुरक्षित वापसी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस व्यवस्था के तहत नेपाल में फंसे लोग और राजस्थान में रह रहे उनके परिजन सीधे पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन नंबर 0141-2740832, 0141-2741807 और व्हाट्सएप नंबर 97849-42702 पर भारतीय नागरिक संपर्क कर सकते हैं।

Share This Article