जयपुर। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सर्वसुखदायिनी गौ माता की आराधना के पावन पर्व गोपाष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर सपत्नीक गौ माता के विधिवत दर्शन और पूजन किए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की जनता के सुख, समृद्धि और कल्याण की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति, आस्था और अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से गौ संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ माता की कृपा से हमारा प्रदेश निरंतर प्रगति, समृद्धि और सेवा के पथ पर अग्रसर रहेगा।
गोपाष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास पर धार्मिक माहौल रहा। मंत्रोच्चार और वैदिक विधि से पूजा संपन्न हुई। इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती अनीता शर्मा सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी गौ माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पावन पर्व पर गौ सेवा का संकल्प लें और अपने आसपास गौ संरक्षण के प्रयासों में सहभागी बनें।


