तखतगढ़ में बिना संकेत वाले स्पीड ब्रेकरों से बढ़ रही दुर्घटनाएं

Kheem Singh Bhati

तखतगढ़। नगर के मुख्य मार्गों पर अव्यवस्थित तरीके से बनाए गए स्पीड ब्रेकर अब दुर्घटनाओं का नया कारण बनते जा रहे हैं। पुराने बस स्टैंड से लेकर चक्की गली तक का क्षेत्र घनी आबादी वाला है, जहां सुबह से देर रात तक वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। यह मार्ग सीधे चान्दराई, पादरली और आस-पास के अन्य गांवों से जुड़ा होने के कारण दिनभर भीड़भाड़ रहती है। ऐसे में यहां बने बिना संकेत और बिना मानक स्पीड ब्रेकर वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।

स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से नगर पालिका के सहयोग से इस मार्ग पर कई स्पीड ब्रेकर बनवाए हैं। लेकिन यह स्थिति चिंता का विषय बन गई है, क्योंकि सरकार की गाइडलाइन के अनुसार आबादी क्षेत्र में अवैध या बिना अनुमति स्पीड ब्रेकर बनाना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद इस क्षेत्र में कई स्थानों पर ऊंचे और असमान ब्रेकर बना दिए गए हैं। इन स्पीड ब्रेकरों पर सफेद चेतावनी पट्टियाँ (व्हाइट मार्किंग) नहीं की गई हैं, जिससे रात या बरसात के समय ये दिखाई नहीं देते।

कई बार वाहन चालक इन्हें न देख पाने के कारण अचानक उछल जाते हैं और बाइक या स्कूटी फिसलने से चोटें व हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रेकर तो बनाए गए हैं, लेकिन नियमों के विपरीत। यदि इन पर चेतावनी संकेत या परावर्तक पेंट होता तो कई दुर्घटनाओं को टाला जा सकता था। निवासी रामेश्वर सिंह, राजू मेहता और गीता देवी ने बताया कि शाम के समय कई बार राहगीर और दोपहिया चालक इन ब्रेकरों से टकराकर गिर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पालिका प्रशासन को चाहिए कि ब्रेकरों की ऊंचाई, चौड़ाई और रंग-रूप मानकों के अनुसार हो ताकि सुरक्षा बनी रहे। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगर पालिका प्रशासन की यह बड़ी लापरवाही है। यदि स्पीड ब्रेकर की जरूरत थी, तो इन्हें ट्रैफिक विभाग की अनुमति और तकनीकी मानकों के अनुसार बनाया जाना चाहिए था। उन्होंने मांग की कि नगर पालिका जल्द से जल्द इन ब्रेकरों पर सफेद पेंट और संकेत पट्टियाँ लगवाए तथा जो अधिकारी या कर्मचारी लापरवाह रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि यदि समय रहते प्रशासन इन ब्रेकरों को चिन्हित कर सुधार करता है तो भविष्य में ऐसे हादसे रुक सकते हैं।

Share This Article
kheem singh Bhati is a author of niharika times web portal, join me on facebook - https://www.facebook.com/ksbmr