जयपुर। दुबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। यह फ्लाइट बीती रात दुबई से जयपुर आने वाली थी और तय समयानुसार रात 12:45 बजे जयपुर पहुंचनी थी, लेकिन उड़ान भरने से पहले ही विमान में खराबी आ गई। तकनीकी दिक्कत दूर नहीं हो पाने पर एयर इंडिया एक्सप्रेस ने फ्लाइट को रद्द कर दिया। इस कारण दुबई से जयपुर आने वाले यात्रियों को रातभर असुविधा झेलनी पड़ी। इधर, जयपुर से दुबई जाने वाली इसी विमान की सुबह 5:55 बजे की उड़ान भी प्रभावित हुई।
यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली से दूसरा विमान मंगवाया गया, जिसके बाद सुबह 7:30 बजे उड़ान दुबई के लिए रवाना हो सकी। उधर, स्पाइसजेट की जयपुर से सुबह 9:30 बजे दुबई जाने वाली फ्लाइट भी लगातार पांच दिन तक रद्द रहने की जानकारी सामने आई है। इससे जयपुर-दुबई मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।