जयपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को जयपुर दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, ये भाजपा की सरकार है, कांग्रेस की नहीं हम जो कहते हैं, वो करते हैं। शाह ने कहा कि राजस्थान में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हुए 35 लाख करोड़ के एमओयू में से 7 लाख करोड़ के निवेश को भजनलाल सरकार ने जमीन पर उतारकर दिखा दिया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। शाह ने कहा, “जब राइजिंग राजस्थान समिट हुई थी, तब मैंने अशोक गहलोत का बयान पढ़ा था।
उन्होंने कहा था कि 35 लाख करोड़ के एमओयू हुए हैं, लेकिन जमीन पर कितने उतरेंगे? उस वक्त हमने कोई जवाब नहीं दिया, पर आज परिणाम खुद बोल रहे हैं।” न्याय प्रणाली में बड़ा बदलाव : शाह ने कहा कि तीन नए आपराधिक न्याय कानून—भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम—21वीं सदी का सबसे बड़ा रिफॉर्म हैं। उन्होंने कहा, इन कानूनों के लागू होने के बाद हमारी न्याय प्रणाली दुनिया की सबसे आधुनिक प्रणाली बन जाएगी। पहले 25-30 साल तक सजा नहीं हो पाती थी, अब ऐसा नहीं होगा।
शाह ने बताया कि पहले अपराधियों को सजा का डर केवल 42 प्रतिशत था, जो अब 60 प्रतिशत तक पहुंच गया है। जब ये कानून पूरी तरह लागू हो जाएंगे, तो 90 प्रतिशत तक सजा सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि अब कोर्ट में पेशियां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होंगी, जिससे आमजन को समय पर न्याय मिलेगा। ईज ऑफ जस्टिस के साथ ईज ऑफ लिविंग : गृहमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘ईज ऑफ लिविंग’ के लिए कई सुधार किए हैं, अब ईज ऑफ जस्टिस के लिए भी बड़ा परिवर्तन हो रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में अब कोई अन्याय होने पर लोग न्याय पाने के लिए सहज रूप से आगे आएंगे। दीपावली पर स्वदेशी का संदेश : अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 350 से अधिक रोजमर्रा की वस्तुओं पर जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत या शून्य कर दिया है, जिससे जनता को राहत मिली है। उन्होंने कहा, “दीपावली पर सस्ती खरीदारी से शुभ दीपावली बनाइए, लेकिन स्वदेशी वस्तुएं ही खरीदिए। अगर 140 करोड़ लोग स्वदेशी का संकल्प लें तो भारत शताब्दी वर्ष तक दुनिया की अग्रणी शक्ति बन जाएगा।
