बिहार चुनाव में बुर्का पहनने वाली महिलाओं की पहचान पर विवाद

By Sabal SIngh Bhati - Editor

लखनऊ। बिहार चुनाव से पहले बुर्का पहनने वाली महिलाओं की पहचान को लेकर उठे विवाद के बीच कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा एक डर का माहौल बनाना चाहती है, ताकि एक विशेष वर्ग की वोटिंग कम हो सके। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा की कठपुतली बनकर काम कर रहा है और उसे अपनी निष्पक्षता और संवैधानिक शक्ति को पहचानना चाहिए। उल्लेखनीय है कि बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने चुनाव आयोग से मांग की थी कि बुर्का पहनकर आने वाली महिलाओं की पहचान उनके वोटर कार्ड से की जाए।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया था कि कहीं इस प्रक्रिया का दुरुपयोग तो नहीं हो रहा। इस बयान के बाद यह मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। बिहार चुनाव से पहले बुर्का पहनने वाली महिलाओं की पहचान पर उठे विवाद के बीच चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जांच महिला अधिकारियों की मौजूदगी में होगी। आयोग ने कहा है कि मतदान केंद्रों पर पर्दानशीं महिलाओं की गोपनीयता और गरिमा की पूरी रक्षा की जाएगी।

इसके साथ ही आयोग ने यह भी कहा है कि मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की जाएगी ताकि पर्दानशीं महिलाओं की भागीदारी बढ़े और कोई भी मतदाता असहज महसूस न करे। यह कदम सीधे तौर पर उन विवादों को शांत करने के रूप में देखा जा रहा है, जो हाल में बिहार भाजपा अध्यक्ष की टिप्पणी के बाद उभरे थे।

Share This Article
Exit mobile version