बिहार में जंगलराज से बचने के लिए राजग सरकार की जरूरत है

By Sabal SIngh Bhati - Editor

छपरा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि बिहार के लोग राष्ट्रीय जनता दल (राजद) -कांग्रेस के झूठे वादों के झांसे में नहीं आने वाले हैं और एक बार फिर राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनाकर प्रदेश को जंगलराज से दूर रखेंगे। मोदी ने छपरा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय के नाम पर राजद-कांग्रेस ने लोगों को सिर्फ धोखा दिया है। सच्चाई यह है कि ये लोग डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर का अपमान करने में गर्व करते हैं।

उन्होंने कहा कि लालटेन वाले, पंजे वाले या उनके इंडिया गठबंधन के साथी ये लोग कैसे बिहार और बिहारियों का अपमान करते हैं। कांग्रेस के पंजाब के एक मुख्यमंत्री थे, उन्होंने एक रैली में खुला ऐलान किया कि बिहार के लोगों को वो अपने राज्य पंजाब में घुसने नहीं देंगे। उस समय मंच पर गांधी परिवार की एक बेटी, जो आजकल संसद में बैठती हैं, वो इस पर खुश होकर तालियां बजा रही थीं। राजद और कांग्रेस की नीयत इनके चुनाव प्रचार के गीतों से ही पता चलती है, जिनमें एक नए जंगलराज की आहट है।

प्रधाननंत्री ने कहा कि राजद कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र नहीं…अपनी रेटलिस्ट जारी की है। उन्होंने कहा कि उनकी इनकी हर घोषणा के पीछे का असली मकसद…रंगदारी, फिरौती, लूट-खसूट, भ्रष्टाचार…यही सब है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि बिहार के लोग राजद-कांग्रेस के झूठे वादों के झांसे में नहीं आने वाले हैं और एक बार फिर राज्य में राजग की सरकार बनाएंगे। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने इस चुनाव में सारी हदें पार कर दी हैं, जिन्होंने बिहारियों का अपमान किया उन्हें प्रचार के लिए बुला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह सब कुछ सोची-समझी साजिश के तहत किया जा रहा है। कांग्रेस चाहती है कि राजद का चुनाव में नुकसान हो, इसलिए उन्हें प्रचार के लिए बुला रही है। इतना सब कुछ हो रहा है और बिहार में राजद को सांप सूंघ जाता है। उन्होंने कहा कि राजद(कांग्रेस वाले जिस बेशर्मी से छठी मइया की पूजा को ड्रामा और नौटंकी बता रहे हैं, इसे बिहार के हमारे परिवारजन, विशेषकर हमारी माताएं-बहनें कभी भुला नहीं सकती हैं। इस अपमान के लिए वे उन्हें सजा देकर रहेंगी।

Share This Article
Exit mobile version