भाजपा का हर नागरिक से स्वदेशी अपनाने का आह्वान

जयपुर। भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री, सांसद एवं आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के प्रदेश प्रभारी डॉ. भोला सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में आत्मनिर्भरता की आवश्यकता को बढ़ावा दे रहे हैं। आत्मनिर्भरता का आह्वान देश में विभिन्न आयामों में गूंज रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के माध्यम से देश के हर नागरिक तक पहुंचेगी और स्वदेश अपनाने का आह्वान करेंगी। इसके लिए गत 25 सितंबर पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती से 25 दिसंबर अटल की जयंती तक इस अभियान की शुरुआत की गई है। सांसद डॉ.

भोला सिंह ने बताया कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत पहले माह में भाजपा सभी जिलों में तथा दूसरे माह में सभी मंडलों में जागरूकता अभियान चलाएगी। व्यापारी सम्मेलन, उद्योग सम्मेलन, प्रभात फेरी, मशाल यात्रा, नुक्कड नाटक, मेला, किसान मार्च जैसे आयोजन किए जाएंगे। इसमें भारतीय उत्पादों के उपयोग और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। अभियान के प्रदेश संयोजक एवं सांसद दामोदर अग्रवाल ने बताया कि अभियान के सफल आयोजन के लिए प्रदेश की कार्यशाला प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। इसके बाद जिला स्तर पर कार्यशाला होगी।

इस अभियान के तहत सभी जिलों में आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा निकाली जाएगी। दीपावली पर्व के समय लोगों को स्वदेशी उत्पाद खरीदने एवं दुकानदारों को स्वदेशी उत्पाद बेचने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। विदेशी लाइटिंग उत्पादों की जगह दीयों के उपयोग को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जाएगा。

Share This Article
Exit mobile version