झारसुगुड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा में 60 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की शुरुआत करते हुए कहा है कि जब से राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनी है, तब से विकास की रफ्तार तेज हो गई है। मोदी ने झारसुगुड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार गरीबों की सेवा और उन्हें सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब गरीबों को पक्का घर मिलता है, तो उनकी भावी पीढ़ियां भी मजबूत होती हैं।
अब तक देश में चार करोड़ लोगों को पक्के घर मिल चुके हैं और ओडिशा में हजारों नए पक्के घर बनाने की योजना चल रही है। प्रधानमंत्री ने ओडिशा की सामर्थ्य और यहां के लोगों की प्रतिभा पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ओडिशा में लगातार नई परियोजनाएं ला रही है, जिसमें सेमीकंडक्टर की परियोजना भी शामिल है। मोदी ने कहा कि अब ओडिशा में चिप बनाने का काम होगा, जो विभिन्न उपकरणों में इस्तेमाल होती है। उन्होंने आत्मनिर्भरता की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि देश में उद्योगों और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बड़े जहाज बनाने के लिए 70,000 करोड़ की परियोजनाएं तैयार की गई हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। मोदी ने कहा कि भारत अब स्वदेशी 4जी तकनीक में भी अग्रणी बन गया है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह देश को लूटने में लगी थी, जबकि उनकी सरकार ने 2014 के बाद से देश को लूट तंत्र से बाहर निकाला है। उन्होंने जीएसटी सुधारों का भी जिक्र किया और कहा कि नई जीएसटी से लोगों को जरूरत की वस्तुएं कम दाम पर मिल रही हैं।
इस दौरान उन्होंने अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की।

