भाजपा संविधान के अधिकारों को छीन रही है: केजरीवाल

By Sabal SIngh Bhati - Editor

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों को छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज लद्दाख की लड़ाई, कल पूरे देश की लड़ाई बन सकती है। केजरीवाल ने कहा कि आज लद्दाख में जो हो रहा है, वो बेहद चिंताजनक है। हर सच्चे देशभक्त को लद्दाख के लोगों का साथ देना चाहिए। हमने अंग्रेजों से इसलिए आजादी थोड़ी ली थी कि जनता अंग्रेजों की बजाय भाजपा की गुलाम बन जाए?

उन्होंने कहा कि भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों ने लोकतंत्र के लिए अपना बलिदान दिया था, ताकि हर भारतीय को अपनी खुद की सरकार चुनने का अधिकार मिले। लेकिन आज भाजपा सत्ता के नशे में चूर होकर एक के बाद एक राज्यों को केंद्र शासित प्रदेश बना रही है, संविधान द्वारा दिए गए अधिकार छीन रही है। आप नेता ने कहा कि लद्दाख के लोग क्या मांग रहे हैं? वो केवल अपनी वोट का अधिकार, सरकार चुनने का अधिकार मांग रहे हैं। लेकिन भाजपा उनकी आवाज दबा रही है।

बार-बार वादा कर के भी उन्हें वोट का अधिकार नहीं दे रही। लोकतंत्र जनता की आवाज है और जब सरकार वही आवाज दबाने लगे, तो जनता का ये कर्तव्य है कि वह और बुलंद आवाज में बोले। आज लद्दाख की लड़ाई, कल पूरे देश की लड़ाई बन सकती है। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर लेह में हिंसक प्रदर्शन हुआ।

Share This Article
Exit mobile version