नई दिल्ली। सूर्योपासना का महापर्व छठ आज समाप्त हो रहा है। बिहार और झारखंड सहित पूरे देश में छठ पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। उपासकों के लिए घाटों पर विशेष व्यवस्था की गई है। उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित करने के लिए श्रद्धालु तड़के से ही घाटों पर पहुंच रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आईटीओ यमुना बैराज पर हाथी घाट पर श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। छठ पूजा के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालु शास्त्री घाट पर भीड़ में उमड़ पड़े।
घाटों पर उषा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ पूजा का समापन हो गया। बिहार की राजधानी पटना में उषा अर्घ्य के लिए लोग कलेक्ट्रेट घाट पर पहुंचे। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में राप्ती नदी पर गुरु गोरखनाथ घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। वाराणसी के घाटों पर भी भीड़ रही। सूर्य देव की उपासना को समर्पित चार दिवसीय छठ महापर्व शनिवार को नहाय-खाय के पवित्र अनुष्ठान के साथ शुरू हुआ था।

