जयश्री पेड़ीवाल स्कूल में बच्चों की अद्भुत प्रस्तुति

जयपुर। जयश्री पेड़ीवाल इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा दो के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से दर्शकों को अंतरिक्ष की रोमांचक यात्रा पर ले जाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत, नृत्य और नाट्य के माध्यम से बच्चों ने ग्रहों, तारों, उपग्रहों और आकाशगंगाओं के रहस्यों को जीवंत किया और पृथ्वी व खगोलीय पिंडों के गहरे संबंधों को रेखांकित किया। प्रस्तुति में भारत की अंतरिक्ष विज्ञान उपलब्धियों चंद्रयान मिशन और मंगलयान को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। साथ ही, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, आइंस्टीन और कोपरनिकस जैसे महान वैज्ञानिकों के योगदान को भी याद किया गया।

यह तारों की यात्रा केवल ज्ञान और विज्ञान का प्रदर्शन ही नहीं थी बल्कि बच्चों की असीम जिज्ञासा, कल्पनाशक्ति और आत्मविश्वास का भी परिचायक बनी। जयश्री पेड़ीवाल ग्रुप ऑफ स्कूल्स की चेयरपर्सन डॉ. जयश्री पेड़ीवाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में ब्रह्मांड के प्रति गहरी समझ विकसित करती हैं और भविष्य की वैज्ञानिक खोजों के लिए प्रेरित करती हैं। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की दूरदर्शी सोच और आत्मविश्वास की सराहना की, जिन्होंने साहसपूर्वक अंतरतारकीय यात्रा और मानवता के ब्रह्मांडीय भविष्य की कल्पना मंच पर प्रस्तुत की।

Share This Article
Exit mobile version