कोटा। कांग्रेस की ओर से बुधवार को सर्किट हाउस रोड पर आयोजित आक्रोष रैली में प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा जमकर बरसे। केन्द्र सरकार, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर विधानसभा अध्यक्ष तक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ बजट सत्र में अविश्वास प्रस्ताव लाया जाएगा। उन्होंने कानून व्यवस्था, अतिवृष्टि के मुआवजे व विपक्ष की आवाज को कथित रूप से दबाने के मुद्दों पर केंद्र व राज्य सरकार को घेरा। उन्होने कहा कि कांग्रेस सड़क से सदन तक जनता के लिए लड़ाई लड़ेगी। यदि सुनवाई नहीं हुई तो सरकार का मोरिया भुला देंगे।
सभा में पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने कहा कि सड़कों पर जो जनसैलाब उमड़ा है, वह इस बात का संकेत दे रहा है कि केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता में आक्रोश है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जो वोट चोरी का मामला उठाया है उसे पूरे देश में समर्थन मिल रहा है। संविधान की सारी ताकत आम आदमी है। सरकार के खिलाफ होगा जंगी प्रदर्शन: धीरजएआईसीसी सचिव धीरज गुर्जर ने कहा कि किसान, जवान, बेरोजगार दुखी है। आक्रोश की जो चिंगारी कोटा से उठी है वह पूरे राजस्थान में ज्वालामुखी बनकर फूटेगी।
सभा में देहात अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह व फतेहपुर विधायक हाकिम अली खां ने भी विचार व्यक्त किए। सभा का संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने किया। नारे लिखी तख्तियों से किया आक्रोश व्यक्त जन आक्रोश रैली में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। रैली के लिए शहर ही नहीं दूरदराज से आए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व लोग समय से पहले ही पहुंच गए थे। लोगों ने नारे लिखी तख्तियों से आक्रोश व्यक्त किया। रैली के लिए बड़ी संख्या में लोग तालाब की पाल पर एकत्र हुए।
बड़ तिराहे से लेकर लक्खी बुर्ज तक लोग ही लोग नजर आ रहे थे। भीड़ अधिक होने से लोगों को एक दूसरे से सटकर चलना पड़ रहा था। लोगों का निर्धारित समय सुबह 11 बजे से पहले ही पहुंचना शुरु हो गया था। देखते ही देखते लोग जमा हो गए। उसके बाद पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल की अगुवाई में ढोल नगाड़ेें, नारों और डीजे साउंड की धुन पर हजारों लोगों की मौजीदगी में रैली किशोर सागर तालाब की पाल से प्रारंभ होकर कलक्ट्री तक पहुंची। लोग हाथों में तख्तियां लिए हुए थे।
जिन पर वोट चोरी, पीड़ित किसानों को पैकेज की घोषणा, भ्रष्टाचार व अत्याचार बंद करो कानून व्यवस्था सुचारू करो व स्मार्ट मीटर बंद करो सरीखे नारों के साथ भीड़ आगे बढ़ रही थी। करीब एक घंटे में रैली सर्किट हाउस के सामने पहुंचकर सभा में बदल गई। प्रदशन में किसानों से लेकर युवा और महिलाएं तक शामिल हुए।

