कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान: जनता की आवाज को मजबूती देने की कोशिश

जयपुर। कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे “वोट चोर, गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर अहम बैठक होने जा रही है। बैठक में प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत वरिष्ठ नेता शामिल होने के लिए पहुंच गए। बैठक में जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों एवं अभियान प्रभारियों को बुलाया गया है। संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने के साथ ही हस्ताक्षर अभियान के लिए एकरूप फॉर्मेट उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे जिला स्तर तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में कांग्रेस के सभी पदाधिकारी हस्ताक्षर करेंगे।

इसके बाद कार्यकर्ता घर-घर जाकर आमजन से हस्ताक्षर कराएंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह हस्ताक्षर अभियान लोकतंत्र की रक्षा और जनता की आवाज को बुलंद करने का माध्यम बनेगा। हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन राष्ट्रपति एवं चुनाव आयोग को सौंपा जाएगा। बैठक में राज्यभर में बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ने की रणनीति भी बनेगी। तय किया जाएगा कि हस्ताक्षर अभियान को कैसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए और जिलों में किस प्रकार से कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिलास्तर पर अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

इस दौरान लगातार कांग्रेसी नेता मुख्यालय पहुंच रहे हैं और अगले चरण की तैयारियों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। पार्टी का मानना है कि हस्ताक्षर अभियान न केवल जनता से सीधा संवाद स्थापित करेगा बल्कि सरकार की नीतियों के खिलाफ जनसमर्थन जुटाने का सशक्त जरिया भी बनेगा।

Share This Article
Exit mobile version