स्वयं पोर्टल भारत सरकार की एक विशेष ई-लर्निंग पहल है, जिसका संचालन शिक्षा मंत्रालय द्वारा किया जाता है। इस पोर्टल को एनपीटीईएल, इग्नू, एनसीईआरटी जैसे प्रमुख संस्थानों के सहयोग से विकसित किया गया है। पाठ्यक्रमों का संचालन करने के लिए कई राष्ट्रीय समन्वयक बनाए गए हैं, जिनमें CEC भी शामिल है, जिसने हाल ही में इंग्लिश से संबंधित दो मुफ्त पाठ्यक्रम लॉन्च किए हैं। इस पोर्टल पर पाठ्यक्रम पूरी तरह से मुफ्त होते हैं, जिन्हें कक्षा 9 से लेकर पोस्टग्रेजुएट स्तर के छात्र ज्वाइन कर सकते हैं। ये पाठ्यक्रम विशेषज्ञों द्वारा पढ़ाए जाते हैं।
मुफ्त इंग्लिश पाठ्यक्रमों के नाम “कम्युनिकेटिव इंग्लिश” और “इंग्लिश कम्युनिकेशन” हैं। दोनों पाठ्यक्रम अंग्रेजी भाषा और उनकी स्किल की व्यापक समझ प्रदान करते हैं। इनका संचालन जनवरी से अप्रैल 2026 तक होगा। एनरोलमेंट की अंतिम तारीख 28 फरवरी 2026 है। कम्युनिकेटिव इंग्लिश पाठ्यक्रम सेंट पॉल कॉलेज कलामास्सेरी द्वारा ऑफर किया जा रहा है। यह एक अंडरग्रेजुएट स्तर का पाठ्यक्रम है, जिसमें 4 क्रेडिट पॉइंट हैं। इसकी शुरुआत 5 जनवरी से होगी और समापन 1 अप्रैल 2026 को होगा। छात्र इसे केवल 12 सप्ताह में पूरा कर सकते हैं, जिसमें 39 मॉड्यूल के साथ चर्चा और असाइनमेंट शामिल हैं।
अब तक 734 लर्नर्स इससे जुड़ चुके हैं। इंग्लिश कम्युनिकेशन पाठ्यक्रम इंग्लिश एंड फॉरेन लैंग्वेजेस यूनिवर्सिटी द्वारा ऑफर किया जा रहा है। इसे केवल 8 सप्ताह में पूरा किया जा सकता है। यह भी एक अंडरग्रेजुएट और चार क्रेडिट पॉइंट का पाठ्यक्रम है, जिसकी शुरुआत 12 जनवरी 2026 से होगी और समापन 30 अप्रैल 2026 को होगा। इसे 700 से अधिक लर्नर्स ज्वाइन कर चुके हैं। यह उन लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है, जो सटीक और फ्लुएंट इंग्लिश बोलना या लिखना सीखना चाहते हैं। ज्वाइन करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट http://swayam.gov.in पर जाएं।
होम पेज पर साइन इन/रजिस्टर के लिंक पर क्लिक करें। आवश्यक जानकारी दर्ज करने के बाद अपना प्रोफाइल बनाएं। फिर पाठ्यक्रम को खोजें और “Join” बटन पर क्लिक करें। लॉग इन करके पाठ्यक्रम को ज्वाइन करें।


