मध्य प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में एजेंसियों की नजरें तेज हैं और मुखबिर तंत्र मजबूत है। इसी क्रम में इंदौर पुलिस की नारकोटिक्स विंग ने एक अफ्रीकी महिला को पकड़ा है, जिसके पास से 31 ग्राम कोकीन बरामद हुई है, जिसकी कीमत 15 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। इंदौर नारकोटिक्स विंग के डीआईजी महेशचंद्र जैन ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इंस्पेक्टर हरीश सोलंकी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेसीडेंसी क्षेत्र में एक अफ्रीकी महिला मादक पदार्थ कोकीन सप्लाई करने वाली है।
सूचना के बाद उन्होंने महिला इंस्पेक्टर राधा जामोद के साथ रेड प्लान की। महिला के पास से मिली 31 ग्राम कोकीन इंस्पेक्टर सोलंकी और उनकी टीम मुखबिर द्वारा बताये स्थान पर पहुंचे और मुखबिर द्वारा बताये हुलिए की महिला उन्हें दिखाई दी। पुलिस की टीम ने महिला को घेरकर उसे पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर महिला ने विरोध किया, लेकिन जब पुलिस ने तलाशी ली तो उसके कब्जे से 31 ग्राम से अधिक कोकीन बरामद हुई। महिला स्टूडेंट वीजा पर भारत आई है और वर्तमान में मुंबई के नाला सोपारा में रह रही है।
पुलिस ने बताया कि महिला लिंडा, उम्र 25 वर्ष, निवासी वेस्ट अफ्रीका की है। पुलिस महिला के नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है और यह भी पता कर रही है कि महिला किसे कोकीन सप्लाई करने आई थी। पुलिस उसके दस्तावेज चैक कर रही है और मुंबई पुलिस एवं एम्बेसी से भी संपर्क कर रही है।


